PM मोदी का गुजरात दौरा आज से: ₹14 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30-31 अक्टूबर को गुजरात दौरे पर रहेंगे। 14 हजार करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास और पीएम-किसान की 24वीं किस्त जारी करेंगे।
PM Modi Gujarat Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे और दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान एकता नगर भी पहुंचेंगे, जहां वे भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे और नर्मदा आरती में शामिल होंगे।
कई परियोजनाओं की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को बनासकांठा से अपने दौरे की शुरुआत करेंगे। यहां वे IVF लैब और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का दौरा करेंगे। इसके बाद जिले में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
पीएम मोदी भीलड़ी में बनास डेयरी की करीब 407 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा थराद और राधनपुर में दो नए बायो-CNG प्लांट की आधारशिला ऑनलाइन रखेंगे।
अहमदाबाद मेट्रो के दो नए चरणों की रखेंगे आधारशिला
गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए और फेज-2बी की आधारशिला रखेंगे। फेज-2ए की लंबाई 6 किलोमीटर से अधिक होगी, जिसमें कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक पांच स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं, फेज-2बी की लंबाई 3.3 किलोमीटर से अधिक होगी। इसमें गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक तीन स्टेशन होंगे।
इसके साथ ही अहमदाबाद-मेहसाणा रोड (स्टेट हाईवे-41) को चार लेन से आठ लेन में बदलने की परियोजना का भी शिलान्यास किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 2,600 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे अहमदाबाद और उत्तर गुजरात के बीच आवागमन अधिक तेज और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
गुजरात में बनेंगे 4,030 नए आंगनवाड़ी केंद्र
प्रधानमंत्री गुजरात में बच्चों के अनुकूल 4,030 नए आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे। वहीं, बनकर तैयार हो चुके 361 आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन भी करेंगे। इस पूरी योजना पर करीब 800 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे चार लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी 31 अक्टूबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे यहां रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा करेंगे।
इसके बाद सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान भारत पर्व 2026 का उद्घाटन और नर्मदा आरती में भी उनकी सहभागिता रहेगी।
पीएम-किसान की 24वीं किस्त होगी जारी
प्रधानमंत्री अपने गुजरात दौरे के दौरान पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत 19 हजार करोड़ रुपये जारी करेंगे। इसके अलावा कृषि अवसंरचना कोष के तहत पूरी हो चुकी 521 परियोजनाएं देश को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं पर करीब 4,950 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
इनमें कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड चेन, गोदाम, साइलो, पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कृषि क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
प्रधानमंत्री का यह दो दिवसीय दौरा गुजरात में बुनियादी ढांचे, कृषि, परिवहन और बाल विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

