PM Kisan Installment : 30 अक्टूबर को किसानों के खाते में आएंगे ₹18,690 करोड़, रायसेन से शामिल होंगे मंत्री शिवराज
PM Kisan Samman Nidhi : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि योजना की पहली 23 किस्तों के जरिए देश के किसानों को अब तक ₹4.47 लाख करोड़ से अधिक की सीधी वित्तीय सहायता उनके खातों में पहुंचाई जा चुकी है।
PM Kisan Installment : नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के अन्नदाताओं की आर्थिक सुरक्षा, कृषि आधुनिकीकरण और ग्रामीण समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल (30 अक्टूबर) गुजरात के बनासकांठा से 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' (पीएम-किसान) की 24वीं किस्त जारी करेंगे, जिसके माध्यम से देश भर के 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किसान परिवारों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए ₹18,690 करोड़ से अधिक की राशि सीधे अंतरित की जाएगी। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश के रायसेन से आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे और क्षेत्र के हजारों किसानों के साथ इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे।
बिना किसी बिचौलिए के सीधा संबल
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन खेती को आत्मनिर्भर और किसान को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। प्रधानमंत्री द्वारा जारी की जाने वाली 24वीं किस्त से पूर्व, योजना की पहली 23 किस्तों के जरिए देश के किसानों को अब तक ₹4.47 लाख करोड़ से अधिक की सीधी वित्तीय सहायता उनके खातों में पहुंचाई जा चुकी है। कल की राशि जुड़ने के साथ ही यह आंकड़ा ₹4.65 लाख करोड़ को पार कर जाएगा, जो दुनिया में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) की सबसे बड़ी और पारदर्शी मिसालों में से एक है। यह सहायता किसानों को बुवाई के समय बीज, खाद और अन्य कृषि व घरेलू जरूरतों को पूरा करने में बिना किसी बिचौलिए के सीधा संबल प्रदान करती है।
मंत्री चौहान ने बताया कि कल का दिन भारतीय कृषि के बुनियादी ढांचे और फसल विविधीकरण की दृष्टि से भी मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी बनासकांठा के मंच से 'एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड' (एआईएफ) के तहत विकसित 521 अत्याधुनिक कृषि इकाइयों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से 12 विशेष बागवानी (हॉर्टिकल्चर) क्लस्टरों का भी औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने रेखांकित किया कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय कृषि क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन आया है। फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को न्यूनतम करने और उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए एआईएफ के माध्यम से अब तक 2.28 लाख से अधिक परियोजनाओं में लगभग ₹1.75 लाख करोड़ का निवेश जमीन पर उतारा जा चुका है। आधुनिक वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, प्राथमिक प्रसंस्करण केंद्र और आपूर्ति श्रृंखलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दे रही हैं।
मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, लागत का डेढ़ गुना लाभकारी एमएसपी, और 'प्रति बूंद अधिक फसल' जैसी योजनाओं ने किसानों को वित्तीय सुरक्षा और जोखिम प्रबंधन का मजबूत सुरक्षा कवच दिया है। इसके साथ ही खाद्य तेलों और दलहन में राष्ट्रीय आत्मनिर्भरता मिशन तथा प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन बनाने की पहल भारतीय कृषि को वैश्विक पटल पर प्रतिस्पर्धी बना रही है।
रायसेन के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों के साथ संवाद करते हुए मंत्रालय की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और तकनीकी हस्तक्षेपों के जमीनी प्रभाव पर भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये तमाम ठोस कदम ‘विकसित भारत’ के संकल्प में अन्नदाता को आर्थिक रूप से संपन्न और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

