इंदौर से दिल्ली पहुंचा कांग्रेस का अनोखा विरोध: मालवा एक्सप्रेस से भेजा मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पोस्टर-पुतला
इंदौर में कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तस्वीर वाला पोस्टर-पुतला रेलवे पार्सल से दिल्ली भेजा। 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होगा कांग्रेस का आंदोलन।
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस नेताओं ने विरोध दर्ज कराने का अनोखा तरीका अपनाया है। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तस्वीर वाला पोस्टर-पुतला रेलवे पार्सल के जरिए दिल्ली भेजा है। इसके लिए रेलवे के पार्सल गोदाम में बाकायदा बुकिंग कराई गई और इसे मालवा एक्सप्रेस के जरिए दिल्ली भेजने की व्यवस्था की गई। पोस्टर पर 'वोट चोर, गद्दी छोड़' और 'चलो दिल्ली' के नारे लिखे गए हैं।
रेलवे पार्सल गोदाम में कराई पोस्टर-पुतले की बुकिंग
दरअसल, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर इंदौर में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल, गिरीश जोशी और देवेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तस्वीर वाला पोस्टर-पुतला तैयार किया गया।

इस पोस्टर-पुतले को दिल्ली पहुंचाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने रेलवे पार्सल का रास्ता चुना। नेताओं ने रेलवे के कॉमर्शियल विभाग स्थित पार्सल गोदाम में इसकी बुकिंग कराई। बुकिंग की रसीद भी सामने आई है और इसे मालवा एक्सप्रेस के जरिए दिल्ली भेजने की व्यवस्था की गई।

'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे के साथ दिल्ली कूच
पोस्टर पर 'चलो दिल्ली' और 'वोट चोर, गद्दी छोड़' जैसे नारे लिखे गए हैं। कांग्रेस नेताओं की यह पहल चुनाव प्रक्रिया और एसआईआर (SIR) के विरोध में दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले आंदोलन से जुड़ी है। इंदौर से रेलवे पार्सल के जरिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त की तस्वीर वाला पोस्टर-पुतला भेजे जाने का यह तरीका अब चर्चा का विषय बना हुआ है

