इंदौर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई: ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, साथी मनोज से पूछताछ में खुला नाम
21 साल का विशाल उर्फ संजय दत्त निकला ब्राउन शुगर तस्कर, क्राइम ब्रांच ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पकड़ा, साथी मनोज की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मिली सफलता
इंदौर में नशे के कारोबार के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्कर विशाल उर्फ संजय दत्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी की उम्र महज 21 साल है। पुलिस ने उसे पूर्व में गिरफ्तार किए गए साथी से पूछताछ और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पकड़ा है। मामले में पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
डेढ़ लाख की ब्राउन शुगर, NDPS एक्ट में केस दर्ज
दरअसल, 4 नवंबर को क्राइम ब्रांच की टीम ने राजकुमार सब्जी मंडी स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर मनोज उर्फ मन्नू वर्मा को गिरफ्तार किया था। 25 वर्षीय मनोज के कब्जे से 15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई थी।
इस मामले में NDPS एक्ट का प्रकरण दर्ज किया गया था। मनोज से पूछताछ और मामले की आगे की जांच में सामने आए बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस ने विशाल उर्फ संजय दत्त को गिरफ्तार कर लिया। वही पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



