Chitrakoot Deepdan Mela : चित्रकूट में आज 6 नवंबर से भव्य दीपदान मेला, प्रशासन ने पूरी की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारी
Chitrakoot Deepdan Mela : चित्रकूट में 6 नवंबर से पांच दिवसीय दीपदान मेला शुरू। बाढ़ के बाद प्रशासन ने घाटों पर NDRF-SDRF, CCTV, जेट्टी और पीपा पुल के विशेष इंतजाम किए।
रिपोर्ट- अरुणेश सिंह बीरू
मध्य प्रदेश। चित्रकूट का प्रसिद्ध पांच दिवसीय दीपदान मेला आज 6 नवंबर से शुरू हो रहा है। हाल ही में आई बाढ़ की विभीषिका के बाद मध्य प्रदेश प्रशासन ने इस बार श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुरक्षा और व्यवस्थाएं की हैं। बाढ़ के कारण नदी के कई घाटों की गहराई बढ़ जाने से सुरक्षा के मद्देनजर वहां लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भरत घाट और राघव प्रयाग घाट पर जेट्टी लगाई गई है, जिसमें उत्तर प्रदेश क्षेत्र में भगवा और मध्य प्रदेश क्षेत्र में नीले रंग की प्लास्टिक जेट्टी नजर आएगी। नदी के घाटों पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमें मुस्तैद रहेंगी, जबकि पूरे परिक्रमा मार्ग और घाटों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।
हनुमान धारा धार्मिक स्थल तक आवागमन आसान बनाने के लिए आज से पीपा पुल शुरू हो रहा है, घाटों का रंग-रोगन, पेंटिंग, आकर्षक लाइटिंग, खोया-पाया केंद्र और प्रमुख मार्गों पर सुसज्जित स्वागत द्वार बनकर तैयार हो चुके हैं।
सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा, श्रद्धालुओं के मनोरंजन और खरीदारी के लिए मोकमगढ़ तिराहे पर 1 महीने तक चलने वाला मेला लगेगा, जिसमें बच्चों के झूले, कपड़े, खान-पान और सजावटी सामान के आकर्षक बाजार सजाए गए हैं।



