भारत ने पाकिस्तान को 90 रन से हराया, एशिया कप मुकाबले में लगातार दूसरी जीत
दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने अंडर-19 एशिया कप मुकाबले में पाकिस्तान को 90 रनों से करारी शिकस्त दी.
नई दिल्ली: भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने अंडर-19 एशिया कप मुकाबले में पाकिस्तान को 90 रनों से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली है. मैच में बारिश के कारण शुरुआत में खलल पड़ा, जिससे टॉस में देरी हुई और हालात को देखते हुए मुकाबले को 49-49 ओवर का करने का फैसला किया गया. टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और भारत को बल्लेबाजी का न्योता दिया.
भारत ने रखा मजबूत लक्ष्य
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में मजबूत स्कोर खड़ा किया. भारतीय बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का संतुलित प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरोन जॉर्ज के 85 रन और कनिष्क चौहान के 46 रनों के दम पर 46.1 ओवर में 240 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टीक नहीं सकी. पाकिस्तान की टीम 41.1 ओवर में 150 रन पर ऑलआउट हो गई. पाकिस्तान के लिए हुजैफा एहसान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 70 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में असफल रहे. एहसान को कनिष्क ने अपना शिकार बनाया जो आठवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। एहसान के आउट होते ही पाकिस्तान अंडर-19 टीम की पारी समेटने में देर नहीं लगी. भारत के लिए कनिष्क ने तीन और दीपेश ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि किशन कुमार सिंह को दो विकेट मिले. खिलान पटेल और वैभव सूर्यवंशी को एक-एक सफलता मिली.
वैभव सूर्यवंशी पांच रन बनाकर आउट
इससे पहले, टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. वैभव सूर्यवंशी पांच रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद आयुष म्हात्रे ने कुछ बड़े शॉट्स लगाए और 25 गेंद पर चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 38 रन की पारी खेली. हालांकि, वह कैच आउट हो गए। इसके बाद विहान मल्होत्रा और वेदांत त्रिवेदी भी कुछ खास नहीं कर सके। विहान 12 रन और वेदांत सात रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद जॉर्ज ने अभिज्ञान कुंडू के साथ पारी संभालने की कोशिश की. दोनों ने 68 गेंद में 60 रन जोड़े। कुंडू 22 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, जॉर्ज ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने अर्धशतक लगाया और 88 गेंद में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 85 रन बनाकर आउट हुए.
सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम
इस बड़ी जीत के साथ भारत ने अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है. लगातार दूसरी जीत से भारतीय अंडर-19 टीम का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ा है और सेमीफाइनल की दौड़ में टीम ने मजबूत दावेदारी पेश की है। भारतीय टीम का अगला मुकाबला टूर्नामेंट में उसकी आगे की राह तय करने में अहम भूमिका निभाएगा.
shivendra 
