राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी का प्रतिनिधि बनकर वसूली, तीन महीने बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
सतना : मध्यप्रदेश शासन की एक राज्यमंत्री का प्रतिनिधि बताकर वसूली करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस अब तक असफल रही है।
सतना : मध्यप्रदेश शासन की एक राज्यमंत्री का प्रतिनिधि बताकर वसूली करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस अब तक असफल रही है। यह मामला सतना जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र के रैगांव थाना अंतर्गत का है, जहां करीब तीन महीने पहले स्वयं राज्य मंत्री ने एफआईआर दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार आरोपी खुद को मध्यप्रदेश शासन की राज्यमंत्री का प्रतिनिधि बताकर लोगों से वसूली कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने रैगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के साथ उन्होंने फर्जी प्रतिनिधि द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे नकली आईडी कार्ड, लेटर पैड, वाहन नंबर सहित अन्य फर्जी दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे थे।
इसके बावजूद तीन महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस मुख्य आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस मामले में जांच तो कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है।
इस पूरे मामले पर जब मीडिया ने पुलिस से जानकारी लेनी चाही, तो पुलिस अधिकारियों ने कैमरे के सामने आने से इनकार कर दिया। पुलिस की चुप्पी और जांच में हो रही देरी से यह मामला अब और अधिक चर्चा में आ गया है।
राजनीतिक प्रतिनिधि का नाम और पद इस्तेमाल कर की गई इस कथित ठगी को लेकर क्षेत्र में नाराजगी है और लोग जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
shivendra 
