राहुल गांधी पर अमित शाह का तंज, बोले- PM बनना है तो जिंदगीभर मॉक पार्लियामेंट करते रहिए, आपका नंबर नहीं आएगा

अमित शाह ने राहुल गांधी पर मॉक पार्लियामेंट को लेकर निशाना साधा। 1984 के सिख विरोधी दंगों, दिल्ली रैली और पंजाब चुनाव को लेकर भी कांग्रेस को घेरा।

राहुल गांधी पर अमित शाह का तंज, बोले- PM बनना है तो जिंदगीभर मॉक पार्लियामेंट करते रहिए, आपका नंबर नहीं आएगा

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को प्रधानमंत्री बनना है तो उन्हें जिंदगीभर मॉक पार्लियामेंट करते रहना चाहिए, लेकिन उनका नंबर आने वाला नहीं है। शाह ने दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली और मॉक पार्लियामेंट को लेकर यह तंज कसा।

अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के साथ कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। शाह ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि जिस दिन हजारों सिखों की हत्या हुई थी, उसी दिन राहुल गांधी ने दिल्ली में महारैली आयोजित की। इससे दंगा पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम हुआ है।

'मोहब्बत की दुकान से सिर्फ नफरत निकलती है'

अमित शाह ने राहुल गांधी के 'मोहब्बत की दुकान' वाले नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान से सिर्फ नफरत निकलती है। शाह ने आरोप लगाया कि 1 नवंबर को रैली आयोजित करने का फैसला सिख समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी ने कांग्रेस से 1, 2 और 3 नवंबर को रैली नहीं करने की अपील की थी, क्योंकि ये तारीखें 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ी हैं। इसके बावजूद कांग्रेस ने कार्यक्रम किया।

1984 के दंगों और राजीव गांधी के बयान का किया जिक्र

शाह ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बयान पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि दंगों के बाद राजीव गांधी ने कहा था कि जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।

शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के अलावा कोई ऐसा बयान नहीं दे सकता। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 1984 के दंगों से जुड़े मामलों को दोबारा खुलवाया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की। शाह ने दावा किया कि दंगों में शामिल कांग्रेस के नेताओं को जेल भेजा गया।

पंजाब में NDA सरकार बनाने का दावा

अमित शाह ने पंजाब की राजनीति को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब में विधानसभा चुनाव आने वाले हैं और वहां भी NDA की सरकार बनानी है। शाह ने कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब और पूरे देश को ड्रग्स मुक्त बनाएंगे। उनका यह बयान पंजाब में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अहम माना जा रहा है।

दिल्ली में कांग्रेस का खाता नहीं खुलेगा: शाह

अमित शाह ने दिल्ली में कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन चुनावों में कांग्रेस का दिल्ली में खाता नहीं खुला है। मेरी बात लिख लीजिए, आने वाले तीन चुनावों में भी कांग्रेस का खाता नहीं खुलेगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की महारैली से कारोबारियों को भी नुकसान हुआ है। शाह के मुताबिक, व्यापारियों ने रैली की तारीख बदलने की अपील की थी, लेकिन कांग्रेस ने उनकी बात नहीं मानी।

संसद नहीं चलने देने का भी लगाया आरोप

गृह मंत्री ने राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद नहीं चलने देते और महिलाओं को आरक्षण दिलाने के मुद्दे पर भी विपक्ष का रवैया ठीक नहीं है। शाह ने कहा कि 2029 के चुनाव में देश की जनता सबका हिसाब करेगी। कौन देश को सुरक्षित बना रहा है और कौन आर्थिक रूप से मजबूत कर रहा है, इसका फैसला जनता करेगी।

अमित शाह का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक के नेता चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान वोटरों के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं। वहीं, विपक्षी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।