खातेगांव TI दिलीप पुरी हत्याकांड: आरोपी मोहीन जायसवाल की ब्रेन हेमरेज से अहमदाबाद में मौत
Dilip Puri Murder Case: खातेगांव TI दिलीप पुरी हत्याकांड के आरोपी मोहीन जायसवाल की अहमदाबाद में मौत की खबर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक ब्रेन हेमरेज से गई जान।
मध्यप्रदेश के बहुचर्चित खातेगांव TI दिलीप पुरी हत्याकांड से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। मामले के एक आरोपी मोहीन जायसवाल की अहमदाबाद में मौत होने की जानकारी मिली है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मोहीन की मौत ब्रेन हेमरेज के कारण हुई है।
बताया जा रहा है कि मोहीन जायसवाल को इलाज के लिए अहमदाबाद ले जाया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया। हालांकि, उसकी मौत की परिस्थितियों और इलाज से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस या अस्पताल की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
क्या है दिलीप पुरी हत्याकांड?
दरअसल, देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी 2 नवंबर को अवैध शराब तस्करी की सूचना पर पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करने पहुंचे थे। इस दौरान शराब से भरे वाहन के चालक ने उन्हें वाहन से कुचल दिया था। गंभीर रूप से घायल TI दिलीप पुरी की मौत हो गई थी।
मामले की जांच में अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में राहुल जायसवाल समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में मोहीन जायसवाल का नाम भी कथित शराब तस्करी नेटवर्क में सामने आया था।



