मुंबई में मध्य प्रदेश टूरिज्म का जलवा, EEA 2026 में जीता ‘एक्सीलेंस इन कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट’ अवार्ड
MP टूरिज्म को मिला मुंबई में आयोजित 10वें डेसेनियल एक्जीबिशन एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026 में सम्मान
मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने इवेंट, एक्जीबिशन और माइस (MICE) प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। मुंबई स्थित सिडको एक्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 10वें डेसेनियल एक्जीबिशन एक्सीलेंस अवार्ड्स (EEA) 2026 में निगम को “कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट में उत्कृष्टता” (Excellence in Conference Management) के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार देश के इवेंट, एक्जीबिशन और माइस उद्योग के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक माना जाता है।
मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ यह सम्मान ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि निगम की प्रतिबद्धता, व्यावसायिकता और पूरी टीम के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पर्यटन लगातार अपने बुनियादी ढांचे, आतिथ्य सेवाओं और आयोजन क्षमताओं को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
मध्य प्रदेश बन रहा बिजनेस टूरिज्म का प्रमुख केंद्र
दिलीप कुमार यादव ने कहा कि राज्य में विकसित आधुनिक कन्वेंशन सेंटर, बेहतर कनेक्टिविटी और उत्कृष्ट मेहमाननवाजी के कारण देश-विदेश की बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियां और संस्थाएं अब अपने महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और सम्मेलनों के लिए मध्य प्रदेश को प्राथमिकता दे रही हैं। इससे राज्य बिजनेस टूरिज्म और कॉन्फ्रेंस इंडस्ट्री के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है।
सफल आयोजनों के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान
पर्यटन निगम के महाप्रबंधक (इवेंट्स) विवेक जूड ने बताया कि यह पुरस्कार राज्य में आयोजित 20 से अधिक राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय सम्मेलनों के सफल प्रबंधन के लिए प्रदान किया गया है। निगम ने अपनी पेशेवर कार्यशैली और प्रभावी समन्वय के बल पर कई महत्वपूर्ण आयोजनों का सफल संचालन किया है।
इन आयोजनों में MP Growth Summit 2025, MP Tech Growth Summit 2025, Regional AI Impact Summit 2025, Regional Industry and Employment Summit और Madhya Pradesh Mining Conclave जैसे बड़े और प्रभावशाली सम्मेलन शामिल हैं। इन कार्यक्रमों ने निवेश, उद्योग, तकनीक और रोजगार के क्षेत्रों में नई संभावनाओं को बढ़ावा दिया है।
यह राष्ट्रीय पुरस्कार न केवल पर्यटन निगम की कुशल प्रबंधन क्षमता को दर्शाता है, बल्कि यह 'अतुल्य भारत का दिल' मध्य प्रदेश को बिजनेस टूरिज्म के क्षेत्र में एक अग्रणी ग्लोबल हब बनाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। भविष्य में इससे राज्य में आर्थिक गतिविधियों, रोजगार और ज्ञान-आधारित बड़े आयोजनों को और अधिक गति मिलेगी।
Varsha Shrivastava 
