फ्री शराब नहीं मिलने पर जिला पंचायत सदस्य के पति का बवाल, सेल्समैन से मारपीट का वीडियो वायरल

सतना में शराब दुकान पर हंगामा: फ्री में शराब नहीं मिलने पर जिला पंचायत सदस्य के पति ने सेल्समैन से की मारपीट, कार से कुचलने की कोशिश का वीडियो वायरल

फ्री शराब नहीं मिलने पर जिला पंचायत सदस्य के पति का बवाल, सेल्समैन से मारपीट का वीडियो वायरल

सतना। जिले के रामपुर बघेलान बायपास स्थित शराब दुकान में जिला पंचायत सदस्य के पति अनूप सिंह उर्फ अन्नू सिंह (मतहा) ने जमकर हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि अन्नू सिंह अपने बेटे श्रेयस के साथ सोमवार की शाम साढ़े 6 बजे दुकान पहुंचे और मुफ्त में शराब की मांग की। सेल्समैन द्वारा शराब देने से इनकार करने पर दोनों ने गाली-गलौज और मारपीट की।

सेल्समैन को कार से कुचलने की कोशिश

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान अन्नू सिंह ने गुस्से में सेल्समैन को कार से कुचलने का भी प्रयास किया। आरोप है कि उन्होंने वाहन को कई बार आगे-पीछे कर कर्मचारी की ओर दौड़ाया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि कर्मचारी किसी तरह बच निकला।

बताया जा रहा है कि शराब ठेकेदार की ओर से पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। घटना का सीसीटीवी और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हंगामा दिखाई दे रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से इस मामले में अब तक किसी ठोस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का क्षेत्र में राजनीतिक प्रभाव है। वहीं, हाल ही में उसके बेटे पर भी एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। फिलहाल वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।