जबलपुर SP ऑफिस में दो महिलाएं भिड़ीं जमकर हुई मारपीट

जबलपुर SP ऑफिस में दो महिलाएं भिड़ीं जमकर हुई मारपीट, एक ने दूसरे का चेहरा नोचा, पुलिस ने सिविल लाइन थाने के हवाले किया

जबलपुर SP ऑफिस में दो महिलाएं भिड़ीं जमकर हुई मारपीट

जबलपुर एसपी कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान परिसर के बाहर दो महिलाएं आपस में भिड़ गईं। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों महिलाएं घायल हो गईं और उनके शरीर पर चोट भी आई।

जानकारी के मुताबिक 16 जून की दोपहर करीब एक बजे एसपी ऑफिस में जनसुनवाई चल रही थी। उसी दौरान परिसर में मौजूद दो महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने एक-दूसरे के बाल पकड़ लिए और जमकर मारपीट करने लगीं।

दोनों को थाने ले गई पुलिस

महिलाओं के बीच हो रहे विवाद और शोर-शराबे को देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और महिला पुलिस स्टाफ तुरंत पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों को अलग कराया गया। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना देकर दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने भेजा गया। घटना के दौरान एसपी कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि दोनों महिलाओं से सिविल लाइन थाना पुलिस पूछताछ कर रही है। फिलहाल विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जानकारी में यह बात भी सामने आई है कि विवाद में शामिल महिलाओं में से एक यूट्यूबर बताई जा रही है, जिसका दूसरी महिला से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

बहुत दिनों से परेशान कर रही थी महिला

सिविल लाइन थाना पुलिस के मुताबिक कैंट निवासी महिला पिंकी पुलिस जनसुनवाई में पहुंची थी, वहीं पर यूट्यूबर महिला भी खड़ी हुई थी, जहां दोनों का विवाद हो गया। पूछताछ के दौरान पीड़ित महिला ने बताया कि यूटूयबर महिला अपने आपको पत्रकार बताते हुए बहुत दिनों से परेशान कर रही थी। आज भी जब वह अपने पति की शिकायत लेकर एसपी आफिस पहुंची, तभी वहां खड़े बच्चों को उसने गाली देना शुरू कर दिया, मना करने पर गाली-गलौच की और फिर मारपीट शुरू हो गई।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों की शिकायत लेते हुए वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया है कि इससे पहले भी दोनों का विवाद हो चुका है। जिसकी शिकायत गढ़ा थाने में की गई थी।