नशे के खिलाफ इंदौर पुलिस का बड़ा एक्शन : 1.62 लाख का गांजा और 1.40 लाख की ब्राउन शुगर जब्त
Indore Drug Smuggling : इंदौर में भंवरकुआ पुलिस और क्राइम ब्रांच की दो कार्रवाई में गांजा और ब्राउन शुगर जब्त की गई। हॉस्टलों में गांजा बेचने वाले युवक समेत दो आरोपी गिरफ्तार हुए।
Indore Drug Smuggling : इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई की हैं। पहली कार्रवाई में भंवरकुआ पुलिस ने भिंड निवासी योगेश शर्मा को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 1 किलो 460 ग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 62 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विजय नगर क्षेत्र में होटल संचालन करता था और शहर के हॉस्टलों में विद्यार्थियों को गांजे की पुड़िया बनाकर बेचता था।
तीन इमली बस स्टैंड के पीछे पकड़ा गया आरोपी
पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन इमली बस स्टैंड के पीछे खाली मैदान में एक युवक मोटरसाइकिल पर प्लास्टिक की बोरी लेकर बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान योगेश शर्मा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान बोरी से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सप्लायर और नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दूसरा आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में इंदौर क्राइम ब्रांच ने नीरज राजपूत निवासी आजाद नगर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 14 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है। इसकी कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सुजुकी एक्सेस स्कूटर भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और अनैतिक व्यापार सहित अलग-अलग मामलों में 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
स्कूटर की डिक्की में छिपाकर रखी थी ब्राउन शुगर
क्राइम ब्रांच की टीम केवी रोड स्थित सम्मति हायर सेकेंडरी स्कूल के पास संदिग्धों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नीले रंग की स्कूटर के साथ खड़े युवक पर पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान नीरज राजपूत के रूप में हुई। स्कूटर की डिक्की की तलाशी लेने पर एक थैली में ब्राउन शुगर मिली। पुलिस ने करीब 2 लाख 40 हजार रुपए का मशरूका जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
ड्रग्स सप्लायर और नेटवर्क की तलाश जारी
दोनों मामलों में पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। गांजा और ब्राउन शुगर कहां से लाई जा रही थी और शहर में किन लोगों तक पहुंचाई जा रही थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

