दीपावली 2026 : इंदौर पुलिस का बड़ा अलर्ट ! कार्बाइड गन-विस्फोटकों पर सख्ती, पटाखा दुकानों पर जोरदार चेकिंग
Carbide Gun Illegal Sale : इंदौर पुलिस ने दीपावली से पहले कार्बाइड गन और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया। पटाखा दुकानों की जांच जारी है। शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 7049108283 जारी किया गया है।
Carbide Gun Illegal Sale : मध्य प्रदेश। दीपावली के त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इंदौर पुलिस कमिश्नरेट अलर्ट मोड पर है। कार्बाइड गन और उससे जुड़ी विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल से होने वाले हादसों को रोकने के लिए पुलिस ने सभी जोन में विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत पटाखा दुकानों की सघन जांच की जा रही है। वहीं अवैध रूप से कार्बाइड गन की खरीद- फरोख्त और भंडारण करने वालों पर कार्रवाई के लिए क्राइम ब्रांच ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

दरअसल इंदौर पुलिस दीपावली के दौरान कार्बाइड से बनने वाली गनों और अन्य विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी कर रही है। सभी जोन में पटाखा विक्रेताओं की दुकानों की सर्चिंग और चेकिंग की जा रही है। पुलिस अधिकारियों की ओर से दुकानदारों को इस सामग्री के खतरों के बारे में समझाइश दी जा रही है। इसके साथ ही मोहल्ला मीटिंग आयोजित कर आम लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्बाइड गन या संबंधित सामग्री का अवैध क्रय-विक्रय, भंडारण, संग्रहण और उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसकी सूचना देने के लिए क्राइम ब्रांच ने हेल्पलाइन नंबर 7049108283 जारी किया है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

