जबलपुर में ड्राई फ्रूट्स के नाम पर 1.77 लाख की ठगी, रिफंड के झांसे में फंसे 65 साल के बुजुर्ग

जबलपुर में फेसबुक लिंक से ड्राई फ्रूट्स ऑर्डर करने वाले 65 साल के बुजुर्ग से रिफंड के नाम पर 1.77 लाख रुपए की ठगी. माढ़ोताल पुलिस ने दर्ज किया मामला.

जबलपुर में ड्राई फ्रूट्स के नाम पर 1.77 लाख की ठगी, रिफंड के झांसे में फंसे 65 साल के बुजुर्ग

Jabalpur News: जबलपुर में ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है. फेसबुक पर ड्राई फ्रूट्स का लिंक देखकर ऑर्डर करना एक 65 साल सेवानिवृत्त कर्मचारी को महंगा पड़ गया. ऑर्डर नहीं मिलने पर जब उन्होंने रिफंड मांगा, तो ठग ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया. आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में उनके बैंक खाते से 1 लाख 77 हजार ट्रांसफर करा लिए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

फेसबुक पर मिला था 'श्रीराम ड्राई फ्रूट्स' का लिंक

मामला जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र का है. यहां रहने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी आर.के. गुप्ता को फेसबुक पर 'श्रीराम ड्राई फ्रूट्स' नाम से एक लिंक दिखाई दिया था. उन्होंने इस लिंक के जरिए ड्राई फ्रूट्स का ऑर्डर किया और 10 अक्टूबर 2026 को अपने SBI खाते से पेटीएम के माध्यम से 1,000 एडवांस पेमेंट कर दिया. हालांकि, पेमेंट करने के बाद भी उन्हें ऑर्डर नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने विक्रेता से संपर्क किया.

रिफंड के नाम पर शुरू किया ठगी का खेल

ऑर्डर नहीं मिलने पर आरोपी ने गुप्ता को 1,000 रुपए वापस करने का भरोसा दिया. इसके लिए मर्चेंट ऐप का इस्तेमाल करने की बात कही. इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर उनसे बातचीत शुरू की और पेटीएम ऐप खोलने के लिए कहा. रिफंड दिलाने के बहाने आरोपी ने उन्हें गुमराह किया और बैंक खाते से रकम ट्रांसफर करा ली. 15 अक्टूबर 2026 को कई किस्तों में उनके खाते से कुल 1 लाख 77 हजार रुपए निकल गए.

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

अपने साथ हुई ठगी का पता चलने पर आर.के. गुप्ता ने 17 अक्टूबर को माढ़ोताल थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.