भोपाल: ट्रैक्टर रैली और कृषि कल्याण वर्ष का शुभारंभ कल, कई सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
राजधानी भोपाल में 11 जनवरी को ट्रैक्टर रैली और कृषि कल्याण वर्ष के शुभारंभ को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। इन आयोजनों के चलते राजधानी की कई सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है और पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है।
भोपाल: राजधानी भोपाल में 11 जनवरी को ट्रैक्टर रैली और कृषि कल्याण वर्ष के शुभारंभ को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। इन आयोजनों के चलते राजधानी की कई सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है और पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है।
दरअसल, मध्यप्रदेश सरकार इस साल 2026 को कृषि कल्याण वर्ष के तौर पर मना रही है। भोपाल के जंबूरी मैदान पर 11 जनवरी को एक बड़ा किसान सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन में सीएम डॉ. मोहन यादव कृषि कल्याण वर्ष 2026 का शुभारंभ करेंगे। इसके पहले किसानों की टैक्टर रैली निकाली जाएगी।
पहला कार्यक्रम- कोकता बायपास स्थित आरटीओ कार्यालय तिराहा पर आयोजित होगा, जहां ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। इस रैली में भोपाल से 601, विदिशा से 250 और रायसेन से 250 ट्रैक्टर शामिल होंगे। भोपाल के मिसरोद-सलैया क्षेत्र से आने वाले ट्रैक्टर 11 मील बायपास रोड, खजूरी कला, पटेल नगर चौराहा होते हुए प्रेस्टीज कॉलेज के सामने लाइनअप होंगे। वहीं फंदा ब्लॉक और बैरसिया रोड की ओर से आने वाले ट्रैक्टर खजूरी सड़क, मोबारकपुर बायपास, लांबाखेड़ा और चोपड़ा कला बायपास चौराहों से गुजरते हुए अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के सामने एकत्रित होंगे। रायसेन और विदिशा से आने वाले ट्रैक्टर भी निर्धारित मार्गों से होकर प्रेस्टीज कॉलेज के सामने पहुंचेंगे।
दूसरा कार्यक्रम जम्बूरी मैदान में आयोजित किया जाएगा, जहां कृषि कल्याण वर्ष का शुभारंभ होगा। इस कार्यक्रम में भोपाल से लगभग 12 हजार, सीहोर और रायसेन से 6-6 हजार, विदिशा से 4 हजार और राजगढ़ और नर्मदापुरम से एक-एक हजार किसान शामिल होंगे। कुल करीब 30 हजार किसान 800 से 900 बसों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।
इस दौरान भोपाल जिले के मिसरोद–सलैया क्षेत्र में अशिमा मॉल, बागसेवनिया चौराहा, आरआरएल तिराहा, एम्स रोड, बरखेड़ा पठानी और सेंट जेवियर स्कूल के पीछे पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं फंदा ब्लॉक, बैरसिया रोड और सीहोर, विदिशा, राजगढ़, रायसेन व नर्मदापुरम से आने वाले वाहनों को तय मार्गों से जम्बूरी मैदान भेजा जाएगा।
इन कार्यक्रमों के कारण 11 जनवरी को भोपाल की कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा, इसलिए पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट की जानकारी जरूर लें।
pushpendra 
