Mauganj Crime News : विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत, मायके पक्ष ने पति पर लगाया जलाकर हत्या का आरोप
Mauganj Crime News : नईगढ़ी के रामपुर की थी लक्ष्मी, दो माह पहले मायके आई थी, पुलिस ने कहा - मर्ग कायम कर जांच शुरू, पीएम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा कारण
जिले के थाना मऊगंज क्षेत्र अंतर्गत एक विवाहिता की जलकर हुई संदिग्ध मौत के बाद सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति सहित ससुराल पक्ष पर पेट्रोल डालकर जलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान लक्ष्मी चौरसिया के रूप में हुई है। मायके पक्ष के अनुसार लक्ष्मी का मायका नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर में है। उसका विवाह मऊगंज कस्बा निवासी विपिन चौरसिया के साथ हुआ था।
मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही पति विपिन दहेज की मांग को लेकर लक्ष्मी के साथ मारपीट करता था और उसे मायके भी नहीं जाने देता था। परिजनों के अनुसार लगभग दो माह पूर्व लक्ष्मी किसी तरह मायके आई थी, जिसके बाद पति जबरन उसे अपने साथ मऊगंज ले गया था।
मायके पक्ष का आरोप है कि लक्ष्मी को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना उन्हें ससुराल पक्ष द्वारा नहीं दी गई। उन्हें दूसरे लोगों के माध्यम से लक्ष्मी की मृत्यु की जानकारी मिली, जिसके बाद वे संजय गांधी अस्पताल पहुंचे।
इधर इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना पर मर्ग कायम किया गया है। परिजनों के कथन दर्ज किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीएम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत दुर्घटना है, आत्महत्या है या हत्या।
पुलिस ने कहा कि मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में दहेज प्रताड़ना या हत्या जैसे तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

