चलती कार पर युवतियों की स्टंटबाजी : लिखा- घर में गाली खाने का जिगरा रखने वालों को मिलती है फ्रीडम
Korba Car Stunt Viral : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि तीन युवतियां चलती कार के बोनट और दरवाजों पर बैठी थीं। इससे राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही थी।
Korba Car Stunt Viral : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती काली कार पर तीन युवतियों ने खतरनाक स्टंटबाजी की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में एक युवती गरबा ड्रेस पहनकर कार के बोनट पर लेटी हुई नजर आती है। दो अन्य युवतियां कार के दोनों दरवाजों पर लटककर डांस कर रही हैं। मामला रविशंकर नगर इलाके का है।
वीडियो में दिखी जान जोखिम वाली हरकत
यह वीडियो मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर का है। नवरात्रि के दौरान सड़कों पर सजावट की गई थी। वीडियो में काले रंग की कार सड़क पर चलती दिखाई देती है। तीनों युवतियां चलती कार पर स्टंट कर रही हैं और इसी दौरान उन्होंने रील भी शूट की। वीडियो को ‘जस्ट चिल चिल चिल’ गाने पर अपलोड किया गया। कैप्शन में लिखा गया- फ्रीडम उसी को मिलती है जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।
कार नंबर के आधार पर मालिक पर केस
वीडियो में कार का नंबर CG 12 BV 6007 साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि तीन युवतियां चलती कार के बोनट और दरवाजों पर बैठी थीं। इससे राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। युवतियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस स्टंट को बेहद खतरनाक बता रहे हैं। कई यूजर्स ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। कुछ ने इसे युवाओं की लापरवाही करार दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में सड़कों पर आवाजाही ज्यादा होती है। ऐसे में इस तरह के स्टंट बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
पुलिस की अपील- सड़क पर स्टंट से बचें
कोरबा पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सड़क पर खतरनाक स्टंट न करें। इससे खुद की जान के साथ दूसरों की जिंदगी भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस लगातार सोशल मीडिया के जरिए यातायात नियमों और स्टंट के जोखिमों के बारे में जागरूक कर रही है। ऐसे मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।

