ईरान-इजराइल जंग के बीच भारत में महंगा हुआ LPG सिलेंडर
ईरान-इजराइल जंग के बीच भारत में घरेलू LPG गैस सिलेंडर 60 रुपए महंगा कर दिया गया है, जिसकी नई कीमतें 7 मार्च से लागू हो गई हैं।
ईरान और इजराइल की जंग के बीच भारत में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम महंगे हो गए हैं। केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर 60 रुपए महंगा कर दिया है। ये कीमतें 7 मार्च से लागू हो गई हैं। इससे पहले सरकार ने 8 अप्रैल 2025 को घरेलू सिलेंडर के दामों में वृद्धि की थी। उस वक्त सिलेंडर करीब 50 रुपए महंगा हुआ था।

आज से दिल्ली में 14.2 किलोग्राम की LPG गैस का दाम 853 रुपए से बढ़कर 913 रुपए हो गया है। वहीं कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भी इजाफा किया गया है। 19 किग्रा वाला कॉमर्शियल सिलेंडर 115 रुपए महंगा हो गया है और अब 1883 रुपए में मिलेगा।

इस बीच केंद्र सरकार ने LPG गैस का प्रोडक्शन बढ़ाने के आदेश दे दिए हैं। 5 मार्च को सरकार ने इमरजेंसी पावर इस्तेमाल करते हुए देश की सभी ऑयल रिफाइनरी कंपनियों को LPG का उत्पादन बढ़ाने को कहा।

सरकार का यह आदेश तब आया है जब दुनिया में ईरान और इजराइल के बीच जंग चल रही है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि सरकार ने यह फैसला जंग की वजह से भारत में होने वाली गैस की किल्लत को देखते हुए लिया है। बता दें कि सरकार द्वारा आदेश में यह भी लिखा गया है कि अब कंपनियां रसोई गैस बनाने के लिए प्रोपेन और ब्यूटेन का इस्तेमाल करेंगी।


