उज्जैन: पांच दिवसीय महाकाल महोत्सव का आगाज, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया विधिवत शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने श्री महाकालेश्वर मंदिर की नवीन आधिकारिक वेबसाइट पोर्टल के साथ ही 600 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले श्री महाकालेश्वर भक्त निवास के दानदाताओं के लिए वेबसाइट का भी शुभारंभ किया।
उज्जैन। संक्राति पर्व से श्री महाकाल लोक में पांच दिवसीय महाकाल महोत्सव की शुरुआत हो गई है। 14 जनवरी बुधवार को सीएम डॉ. मोहन यादव ने महाकाल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। मंच से ख्यात सिंगर पद्मश्री शंकर महादेवन द्वारा ‘शिवोऽहम्’ की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल,राज्य सभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इससे पहले सीएम और सिंगर शंकर महादेवन ने आयोजन से पूर्व भगवान महाकाल का पूजन किया था।
महाकाल मंदिर की नई वेबसाइट का शुभारंभ
सीएम ने बटन दबाकर महाकाल मंदिर की नई वेबसाइट और नए बनने वाले भक्त निवास के साथ ही दान के लिए नए पोर्टल का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं डिजिटल सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की नई अधिकारिक वेबसाइट www.shrimahakaleshwar.mp.gov.in का शुभारंभ किया गया। नई वेबसाइट से श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन, भस्म आरती, पूजन, ऑनलाइन दान बुकिंग जैसी सुविधा मिलेगी। वहीं, उद्घाटन संध्या पर “शिवोऽहम्” शीर्षक से विशेष संगीतिक प्रस्तुति आयोजित प्रसिद्ध पार्श्वगायक पद्मश्री शंकर महादेवन (सिद्धार्थ-शिवम) वे अपने सुपुत्रों के साथ दी।
भोपाल की तरह उज्जैन में भी लगेगा वन मेला
सीएम ने इस अवसर पर कहा कि मध्य प्रदेश में दो ज्योतिर्लिंग हैं, यहां कई लोक बन रहे हैं। उज्जैन में अब तक श्रावण महोत्सव होता था। गुड़ी पड़वा से हमने तीन महीने चलने वाला उत्सव शुरू किया, जिसमें इस बार भी वाहनों पर ग्वालियर की मेले की तरह छूट मिलती रहेगी। भोपाल में लगने वाला वन सम्पदा का वन मेला की तरह अब उज्जैन में भी 5 दिवसीय वन मेला लगेगा। अगली बार 25 जनवरी को आऊंगा, उस दिन हरिफाटक ब्रिज को सिक्स लेन करने, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, सिंहस्थ बायपास की रोड का भूमि पूजन सहित सुबह होने वाले राहगीरी कार्यक्रम में भी शामिल होऊंगा। अभ्युदय मध्यप्रदेश एवं स्वाभिमान पर्व–2026 के अंतर्गत उज्जैन में श्री महाकाल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो 18 जनवरी तक महाकाल महालोक एवं त्रिवेणी संग्रहालय में आयोजित होगा। आयोजन संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन, वीर भारत न्यास एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा।
Varsha Shrivastava 
