भोपाल: MP की स्पेसटेक नीति आज होगी लॉन्च, AI आधारित शासन का रोडमैप होगा प्रस्तुत
राज्य की महत्वाकांक्षी स्पेसटेक नीति का शुभारंभ। इस अवसर पर मध्य प्रदेश रीजनल एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे शामिल।
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार आज राज्य की महत्वाकांक्षी स्पेसटेक नीति का शुभारंभ करने जा रही है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश रीजनल एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश में एआई सक्षम शासन और आर्थिक परिवर्तन को गति देने के लिए तैयार किए गए रोडमैप को प्रस्तुत किया जाएगा। यह रोडमैप प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, नागरिक-केंद्रित और कुशल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश इनोवेशन एक्सपो का भी शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के नवाचारों, स्टार्टअप्स और उभरती तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। नवाचार और युवा एआई पहलों से जुड़ी कई अहम घोषणाएं भी इस मंच से की जाएंगी।
प्रदेश सरकार का लक्ष्य एआई को सुशासन की आधारशिला के रूप में स्थापित करना है, ताकि नागरिकों को बेहतर सेवाएं, तेज निर्णय प्रक्रिया और पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराया जा सके।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लाड़ली बहना योजना की हितग्राही बहनों को जनवरी 2026 की मासिक आर्थिक सहायता राशि का अंतरण 16 जनवरी 2026 को माखन नगर, नर्मदापुरम से किया जाएगा। यह कार्यक्रम सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Varsha Shrivastava 
