तिरंगा पहनकर गर्लफ्रेंड के साथ लेटे, मुसीबत में हार्दिक पंड्या, थाने पहुंचा मामला

T20 World Cup 2026: हार्दिक पंड्या वर्ल्ड कप जीत के जश्न के चलते विवादों में घिर गए हैं. एक वकील ने उनके जश्न मनाने के तरीके पर आपत्ति जताई और थाने में शिकायत की है. आरोप लगाया कि हार्दिक पंड्या ने तिरंगे का अपमान किया है.

तिरंगा पहनकर गर्लफ्रेंड के साथ लेटे, मुसीबत में हार्दिक पंड्या, थाने पहुंचा मामला

रविवार 8 मार्च को जब इंडिया वर्ल्ड चैंपियन बना तो देश में जश्न की लहर दौड़ गई. लेकिन भारतीय खिलाड़ी हार्दिक पंड्या अपने जश्न के चलते विवादों में घिर गए हैं. हार्दिक के जश्न मनाने के तरीके पर एक वाकील ने आपत्ति जताई है और थाने में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप लगाया है कि हार्दिक पंड्या ने तिरंगे का अपमान किया है.  

 दरअसल, भारत बनाम न्यूजीलैंड के फाइनल मैच के बाद स्टेडियम में गजब को जोश था. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हार्दिक पंड्या ने अपने शरीर पर तिरंगा लपेटा था. जश्न मनाते हुए हार्दिक अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ डांस करते हुए दिखे. इसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुईं. एक तस्वीर में कपल पोडियम पर साथ लेटे हुए भी नजर आए.  

इसी पर आपत्ति जताते हुए वकील वाजिद खान ने पुणे के शिवाजी नगर पुलिस थाने में एक शिकायत दी, उन्होंने पुलिस से इस मामले को लेकर FIR दर्ज करने की मांग की है. वकील ने इस हरकत को तिरंगे की गरिमा कम करने वाला बताया है. 

वकील ने क्या कहा?

हार्दिक पंड्या पर गंभीर आरोप लगाते हुए वकील वाजिद खान ने कहा, 

टी 20 विश्व कप में हार्दिक तिरंगा पहने हुए अपनी गर्लफ्रेंड के साथ डांस कर रहे थे. एक जगह वो तिरंगा पहने लेटे हुए भी दिखाई दिए, जहां वो अपनी गर्लफ्रेंड से प्यार भरी बातें कर रहे हैं. ये राष्ट्रीय तिरंगे का अपमान है.

उन्होंने ये भी बताया कि हार्दिक पंड्या की ये हरकत 1971 के नेशनल फ्लैग एक्ट (National Flag Act 1971) के सेक्शन 2 का उल्लंघन है. उनका कहना है कि तिरंगे की इज़्ज़त करना हम सबकी ज़िम्मेदारी है, इसे नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए. उन्होंने आगे कहा,

'मैं जब थाने में इसकी शिकायत कराने पंहुचा तो मुझसे कहा गया कि ये अहमदाबाद का मामला है. जिसपर मैंने जवाब दिया कि राष्ट्रीय तिरंगा देश को संबोधित करता है. इसलिए इसका अपमान पूरे देश का अपमान है.’

इसके बाद थाने में उनकी लिखित शिकायत ले ली गई.

सोशल मीडिया पर भी ये चर्चा का विषय बना हुआ है. इस टूर्नामेंट में भारत ने कई रिकॉर्ड भी ब्रेक किए. होम ग्राउंड पर टी20 विश्व कप जीतने वाला भारत पहला देश बना. इसके साथ ही भारत अब तक की सबसे ज़्यादा टी20 विश्व कप की ट्रॉफी जीतने वाला देश भी बन चुका है.