Varanasi Air Show: आसमान में दिखी भारतीय वायुसेना की ताकत, PM मोदी ने देखे राफेल-सुखोई के करतब

वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के मौके पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो आयोजित किया गया। इसमें 100 विमानों ने हिस्सा लिया, जबकि पीएम मोदी ने इससे पहले करीब 100 करोड़ रुपये की टेक्सटाइल यूनिट का उद्घाटन भी किया।

Varanasi Air Show: आसमान में दिखी भारतीय वायुसेना की ताकत, PM मोदी ने देखे राफेल-सुखोई के करतब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय वायुसेना के शानदार एयर शो को देखा। नमो घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में राफेल सुखोई और तेजस जैसे लड़ाकू विमानों ने आसमान में अपनी ताकत दिखाई। एयर शो में कुल 100 विमानों ने हिस्सा लिया, जिनमें 52 लड़ाकू विमान शामिल थे। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

भारतीय वायुसेना का 94वें स्थापना दिवस

भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के मौके पर वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ नाम से एयर शो आयोजित किया गया। इस दौरान लड़ाकू विमानों ने एक के बाद एक हैरतअंगेज करतब दिखाए। राफेल ने कम ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए शानदार कलाबाजियां कीं। कभी विमान तेजी से ऊपर की ओर जाता, तो कभी अचानक नीचे मुड़कर आसमान में गोल चक्कर लगाता नजर आया।

सुखोई-30 MKI ने भी अपनी रफ्तार और हवाई करतबों से लोगों का ध्यान खींचा। वहीं, चेतक हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश की गई। एयर शो में C-17 ग्लोबमास्टर और सूर्यकिरण टीम के नौ हॉक विमानों ने एक साथ उड़ान भरी और नमो घाट के ऊपर से गुजरे। सूर्यकिरण टीम ने आसमान में कई शानदार फॉर्मेशन बनाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

आसमान में दिखा ऑपरेशन सिंदूर जैसा नजारा

एयर शो का एक खास आकर्षण लड़ाकू विमानों की फॉर्मेशन रही। राफेल, सुखोई, जगुआर, मिराज-2000, तेजस और मिग-29 जैसे विमानों ने तीर की नोक के आकार में उड़ान भरी। विमानों की इस खास फॉर्मेशन ने दर्शकों को ऑपरेशन सिंदूर की याद दिला दी।

इस आयोजन के जरिए भारतीय वायुसेना ने अपनी हवाई ताकत, आधुनिक तकनीक और पायलटों के कौशल का प्रदर्शन किया। नमो घाट पर मौजूद लोगों ने आसमान में विमानों के करतब देखे।

100 करोड़ की टेक्सटाइल यूनिट का उद्घाटन

एयर शो में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अरविंद लिमिटेड की नई टेक्सटाइल यूनिट का उद्घाटन किया। यह यूनिट मिर्जामुराद क्षेत्र में खोचवां गांव के पास स्थापित की गई है। यहां स्पोर्ट्सवियर और अंडरगारमेंट्स का उत्पादन किया जाएगा।

इस परियोजना से करीब 1,000 महिलाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। यूनिट में लगभग 300 मशीनें लगाई गई हैं और महिलाओं को काम के लिए प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।

अरविंद समूह की शुरुआत 1931 में गुजरात के अहमदाबाद में हुई थी। यह कंपनी डेनिम, सूती और लिनेन के कपड़ों के साथ स्पोर्ट्सवियर और दूसरे तरह के टेक्सटाइल उत्पादों के लिए जानी जाती है।

पुलिस लाइन से नमो घाट तक निकाला रोड शो

टेक्सटाइल यूनिट का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी की पुलिस लाइन से नमो घाट तक करीब सात किलोमीटर लंबा रोड शो किया। रास्ते में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उनका स्वागत करने पहुंचे। लोगों ने फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं और प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

इसके बाद पीएम मोदी नमो घाट पहुंचे, जहां उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ एयर शो देखा। इस तरह वाराणसी दौरे में विकास परियोजना के उद्घाटन से लेकर भारतीय वायुसेना की ताकत के प्रदर्शन तक कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।