इंदौर में SIR की कथित गड़बड़ियों पर कांग्रेस चलाएगी अभियान: 1 नवंबर को दिल्ली में प्रदर्शन

इंदौर में SIR की कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस जिला और तहसील स्तर पर अभियान चलाएगी। नसीम खान ने 1 नवंबर को दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन की जानकारी दी।

इंदौर में SIR की कथित गड़बड़ियों पर कांग्रेस चलाएगी अभियान: 1 नवंबर को दिल्ली में प्रदर्शन

इंदौर। SIR में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन की रणनीति तैयार की है। पार्टी अब जिला और तहसील स्तर पर अभियान चलाकर जनता के बीच पहुंचेगी और लोगों को SIR से जुड़ी समस्याओं एवं कथित अनियमितताओं के प्रति जागरूक करेगी। कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री मोहम्मद आरिफ नसीम खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।

जिला और तहसील स्तर पर लोगों के बीच पहुंचेगी कांग्रेस

नसीम खान ने कहा कि SIR के मुद्दे पर कांग्रेस व्यापक स्तर पर अभियान चलाएगी। इसके तहत जिला और तहसील स्तर पर जनता के बीच पहुंचकर चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी आपत्तियों और कथित अनियमितताओं को उठाया जाएगा। पार्टी इस मुद्दे को लेकर लोगों को जागरूक करने की भी तैयारी कर रही है।

भाजपा पर साधा निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिल्ली के व्यापारियों द्वारा प्रदर्शन नहीं करने की अपील से जुड़े पत्र पर सवाल पूछे जाने पर नसीम खान ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियों के पीछे भाजपा की भूमिका रहती है। वहीं, राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर भी उन्होंने पलटवार किया और भाजपा नेताओं पर गलत बयान देने के आरोप लगाए।

मुस्लिमों को टिकट देने के सवाल पर नहीं दिया स्पष्ट जवाब

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस से मुस्लिमों को टिकट देने को लेकर भी सवाल किया गया। पत्रकारों ने पूछा कि कांग्रेस मुस्लिमों से वोट तो लेती है, लेकिन उन्हें पर्याप्त टिकट क्यों नहीं देती। इस सवाल पर नसीम खान स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए। वहीं, जम्मू-कश्मीर के नेता फारूक अब्दुल्ला के बयान पर पूछे गए सवाल को लेकर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर फिर बात की जाएगी। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों का धन्यवाद करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त कर दी।

व्यापारिओं से सहयोग की अपील 

मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने केंद्र सरकार और चुनावी प्रक्रिया को लेकर तीखा बयान दिया है। दरअसल, दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्षी दलों की बड़ी रैली प्रस्तावित है। त्योहारी सीजन को देखते हुए चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड ट्रेड के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने विपक्ष से रैली को त्योहारों के बाद आयोजित करने का अनुरोध किया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सज्जन सिंह वर्मा ने व्यापारियों से आंदोलन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने केंद्र सरकार को निकम्मी और डरपोक बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार अमेरिका और चीन के सामने कमजोर साबित हो रही है। 

अरुणाचल प्रदेश के पास घुसपैठ का मुद्दा 

वर्मा ने चीन की ओर से अरुणाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कथित घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि सरकार इसी तरह कमजोर बनी रही, तो देश की सुरक्षा के साथ व्यापार पर भी संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस कठिन दौर में व्यापारियों ने अपना कारोबार बंद रखकर प्रभावित लोगों की मदद की थी। सज्जन सिंह वर्मा ने व्यापारियों से अपील की कि अब लोकतंत्र और देश की अस्मिता बचाने की लड़ाई में भी वे विपक्ष का साथ दें।