धोनी के भविष्य को लेकर माइकल क्लार्क का बड़ा बयान, बोले- रिटायरमेंट के बाद क्रिकेट से बना सकते हैं दूरी
माइकल क्लार्क का मानना है कि रिटायरमेंट के बाद धोनी शायद क्रिकेट से पूरी तरह दूरी बना सकते हैं और फैंस को उन्हें खेलते हुए जितना हो सके उतना देखना चाहिए।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों अपनी फिटनेस को लेकर चर्चा में हैं। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अब तक वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मैदान पर नजर नहीं आए हैं। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने एक क्रिकेट पॉडकास्ट में धोनी के भविष्य और रिटायरमेंट को लेकर बड़ा बयान दिया है।

चोट के कारण नहीं खेल रहे धोनी
आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले धोनी को पिंडली में खिंचाव की समस्या हुई थी। शुरुआती अपडेट में उम्मीद जताई गई थी कि वह कुछ मैचों के बाद वापसी कर लेंगे, लेकिन अब तक चेन्नई सुपर किंग्स के 10 मुकाबले हो चुके हैं और धोनी एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। हालांकि, वह नेट्स में लगातार अभ्यास करते दिखाई दे रहे हैं।

धोनी ही CSK की पहचान हैं - माइकल क्लार्क
माइकल क्लार्क का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स और धोनी एक-दूसरे से अलग नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि टीम के फैंस से लेकर स्पॉन्सर्स तक, हर कोई धोनी को CSK की सबसे बड़ी पहचान मानता है। क्लार्क के मुताबिक, उम्र के बावजूद धोनी की विकेटकीपिंग क्षमता आज भी टी20 क्रिकेट में सबसे बेहतरीन है।

रिटायरमेंट के बाद क्रिकेट से दूर हो सकते हैं धोनी
क्लार्क ने यह भी कहा कि अगर धोनी एक बार प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लेते हैं, तो शायद वह क्रिकेट से पूरी तरह दूरी बना लें। उनके अनुसार, धोनी को कमेंट्री, कोचिंग या टीम मेंटर जैसी भूमिकाओं में देखने की आसार काफी कम है।

फैंस से की खास अपील
ऑस्ट्रेलियाई पूर्व कप्तान ने फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स से अपील की कि वे धोनी के रिटायरमेंट की जल्दी न करें। उन्होंने कहा कि क्रिकेट प्रेमियों को इस दिग्गज खिलाड़ी को जितना संभव हो, मैदान पर देखने का आनंद लेना चाहिए।
Varsha Shrivastava 
