सिंगरौली में बारात से ले जाकर 52 वर्षीय व्यक्ति से दुष्कर्म, SC/ST एक्ट में केस दर्ज
सिंगरौली के सरई थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान 52 वर्षीय व्यक्ति के साथ कथित दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस 2023 और एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Singrauli जिले के सरई थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक शादी समारोह में शामिल 52 वर्षीय व्यक्ति के साथ कथित तौर पर क्रूर दुष्कर्म और मारपीट किए जाने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी श्यामजी जायसवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 1 मई 2026 की रात करीब 1 बजे की है। पीड़ित एक बारात में शामिल होने गया था। इसी दौरान आरोपी श्यामजी जायसवाल उसके पास पहुंचा और कहा कि दूल्हे का भाई उसे बुला रहा है। परिचित होने के कारण पीड़ित आरोपी के साथ चला गया।आरोप है कि आरोपी पीड़ित को बारात स्थल से दूर एक सुनसान और अंधेरी जगह पर ले गया। वहां आरोपी ने पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। घटना के दौरान पीड़ित को गंभीर चोटें आईं और काफी रक्तस्राव भी हुआ।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और कहा कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया या पुलिस में शिकायत की तो उसे खत्म कर दिया जाएगा। भय और सदमे में होने के कारण पीड़ित तुरंत शिकायत नहीं कर पाया। बाद में उसने अपने परिचितों को पूरी घटना बताई और 3 मई को सरई थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरई थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) तथा एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(1ए) के तहत मामला दर्ज किया है। सरई थाना प्रभारी टीआई जितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


