Satna में 40 हजार में पिस्टल बेचने का सौदा, तीन युवक गिरफ्तार
सतना के सिविल लाइन थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुआ. पुलिस हथियार सप्लायर की तलाश में जुटी है.
सतना: सिविल लाइन थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 32 बोर का एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम सूचना मिली थी कि जेपी रोड बगहा के पास तीन युवक पिस्टल के साथ मौजूद हैं. सूचना मिलते ही थाना स्तर पर टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सलमान खान, निवासी गढ़िया टोला और आशु उर्फ बिल्लू सेन, निवासी बिगहा को पकड़ लिया.
40 हजार रुपए में तय हुआ था सौदा
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि आयुष उर्फ शिवा पाण्डेय, निवासी पौराणिक टोला, उन्हें एक पिस्टल दिखाने लाया था और उसकी कीमत 40 हजार रुपए बताई थी. तीनों जेपी रोड बगहा में पिस्टल की जांच कर रहे थे, लेकिन सौदा तय नहीं हो सका. इसके बाद आयुष पिस्टल लेकर वहां से चला गया.
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आयुष उर्फ शिवा पाण्डेय को भी गिरफ्तार कर लिया. उसके कब्जे से 32 बोर का देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ.
हथियार सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आयुष के पास यह अवैध हथियार कहां से आया और वह इसे किसके माध्यम से लेकर आया था. पूछताछ के जरिए अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.
पुलिस का मानना है कि जिले में उत्तर प्रदेश और अन्य इलाकों से अवैध हथियार लाकर चोरी-छिपे बेचने का नेटवर्क सक्रिय है, जिसकी जांच जारी है.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक विवेक दुबे, जितेंद्र द्विवेदी, प्रवीण तिवारी और आरक्षक आनंद सिंह की अहम भूमिका रही.
Anubhav Dubey 
