लिव-इन में रह रही महिला की संदिग्ध मौत : IDA मल्टी के फ्लैट में मिला पिंकी का शव, PM रिपोर्ट का इंतजार
Indore Woman Suspicious Death : इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र की आईडीए मल्टी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 42 वर्षीय पिंकी का शव मिला। पुलिस जांच में जुटी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
Indore Woman Suspicious Death : मध्य प्रदेश। इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 42 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव एक कॉलेज के पास स्थित आईडीए मल्टी में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान पिंकी के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं और न ही मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
दरअसल, इंदौर के परदेशीपुरा पुलिस को बीती रात सूचना मिली थी कि IDA मल्टी में एक महिला मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां महिला का शव बरामद किया गया। मृतका की उम्र करीब 42 वर्ष बताई जा रही है। आसपास के लोगों के अनुसार पिंकी गणेश नामक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

