गायनी विभाग में डॉक्टरों का विवाद तेज, प्रसूता की मौत पर भड़का मामला

रीवा के SGMH अस्पताल के गायनी विभाग में डॉक्टरों के बीच विवाद बढ़ गया है। डॉ. पूजा गंगवार ने विभागाध्यक्ष पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाकर इस्तीफा दिया, जबकि अस्पताल प्रशासन और विभागाध्यक्ष ने आरोपों को झूठा बताया है।

गायनी विभाग में डॉक्टरों का विवाद तेज, प्रसूता की मौत पर भड़का मामला

रीवा के संजय गांधी चिकित्सालय (SGMH) के गायनी विभाग में डॉक्टरों का विवाद लगातार गहराता जा रहा है। विभाग की डॉक्टर पूजा गंगवार ने विभागाध्यक्ष डॉ. बीनू सिंह पर मेन्टल हैरेसमेंट के आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया है।

उनका कहना है कि विभागाध्यक्ष उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रही थीं, इसी वजह से उन्होंने 28 अक्टूबर को एक महीने का नोटिस देकर रिजाइन किया, लेकिन 29 अक्टूबर को जब उनकी ड्यूटी फिर से लगा दी गई तो उन्होंने इसका विरोध किया और कम ड्यूटी की मांग की।

उधर अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया है। प्रशासन का कहना है कि 2 नवंबर की उनकी ड्यूटी के दौरान एक प्रसूता की मौत हुई थी और इसी मामले में उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था।

इसके बाद 7 नवंबर को इस केस में CM हेल्पलाइन पर तीन शिकायतें भी दर्ज हुईं, लेकिन जवाब देने की बजाय डॉ. गंगवार ने उसी दिन दोपहर को इस्तीफा दे दिया।

विभागाध्यक्ष डॉ. बीनू सिंह का कहना है कि डॉ. पूजा लगातार छुट्टी पर थीं और फिर से छुट्टी की मांग कर रही थीं, जबकि विभाग में पहले से तीन डॉक्टर छुट्टी पर थे। ऐसे में छुट्टी देना संभव नहीं था और इसी गुस्से में उन्होंने झूठे आरोप लगा दिए।

मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल ने भी सफाई देते हुए कहा कि गायनी विभाग की तीन डॉक्टर—कल्पना यादव, सरिता सिंह और पूजा गंगवार—ने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है और इनमें से दो डॉक्टर्स प्राइवेट प्रेक्टिस भी करती हैं।