भोपाल में बनने जा रही आधुनिक नॉलेज और एआई सिटी: मध्यप्रदेश का नया हाईटेक हब

भोपाल में 2000 एकड़ क्षेत्र में एक आधुनिक नॉलेज और एआई सिटी विकसित की जा रही है, जो शिक्षा, रिसर्च और स्टार्टअप्स के लिए एक हाईटेक हब बनेगी। यह प्रोजेक्ट मध्यप्रदेश को देश का प्रमुख एआई हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।

भोपाल में बनने जा रही आधुनिक नॉलेज और एआई सिटी: मध्यप्रदेश का नया हाईटेक हब
GOOGLE

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जल्द ही 2000 एकड़ क्षेत्र में एक आधुनिक नॉलेज और AI सिटी बनने जा रही है, जो कि हाईटेक और साइबर सिटी की तर्ज पर बनाई जाएगी। इस सिटी में एक ही जगह पर विश्वस्तरीय शैक्षणिक संस्थान, अनुसंधान केंद्र और स्टार्टअप्स होंगे, जो शिक्षा, शोध और तकनीकी नवाचार को बढ़ाने में मदद करेंगे और बड़े केंद्र के रूप में उभरेंगे।

यह प्रोजेक्ट भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट और भौंरी इलाके में विकसित किया जाएगा, जहां पहले से ही आइसर का रिसर्च सेंटर बना हुआ है। इस सिटी के विकास और निर्माण की घोषणा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में आयोजित टेक ग्रोथ कंक्लेव 2.0 में की है। उन्होंने कहा कि—

"इंदौर की IT सिटी हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों के बराबर तेजी से बढ़ रही है, और अब जल्द ही जबलपुर, उज्जैन, ग्वालियर और भोपाल भी इस टेक्नोलॉजी ग्रोथ का हिस्सा होंगे। यह मध्यप्रदेश को एक प्रमुख एआई हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम होगा।"

क्या है नॉलेज एंड AI सिटी?

नॉलेज एंड एआई सिटी एक मॉडर्न स्मार्ट सिटी होती है, जिसका इस्तेमाल पढ़ाई, रिसर्च और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी नई तकनीकें बनाने के लिए किया जाता है। इसमें बड़े-बड़े कॉलेज, रिसर्च सेंटर और स्टार्टअप एक ही जगह काम करते हैं। इसका मकसद शिक्षा, तकनीक और उद्योग में नए-नए आइडिया और खोजें करना है।