रीवा के नए SP गुरुकरण सिंह ने संभाली कमान, नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा होगी पहली प्राथमिकता

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में नए पुलिस अधीक्षक के रूप में गुरुकरण सिंह ने पदभार संभाल लिया है। 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी गुरुकरण सिंह को पूर्व एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने चार्ज सौंपा।

रीवा के नए SP गुरुकरण सिंह ने संभाली कमान, नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा होगी पहली प्राथमिकता

रीवा: 2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी गुरुकरण सिंह ने रीवा जिले के नवागत पुलिस कप्तान के रूप में अपनी आमद दे दी है। पदभार ग्रहण करने के दौरान पूर्व पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने उन्हें विधिवत चार्ज सौंपा।

अनुभवी कप्तान की नई पारी..
IPS गुरुकरण सिंह का पुलिसिंग में शानदार अनुभव रहा है। इससे पहले वे मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर, नर्मदापुरम और दतिया जैसे महत्वपूर्ण जिलों में बतौर पुलिस अधीक्षक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी कार्यशैली को देखते हुए अब रीवा की कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।

इन चुनौतियों पर रहेगा विशेष फोकस..
कार्यभार संभालते ही नवागत एसपी ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने रीवा जिले की भौगोलिक स्थिति और वर्तमान समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रमुख चुनौतियों को चिन्हित किया है..

नशा मुक्ति (Drug Control)..
जिले में बढ़ते नशे के कारोबार पर नकेल कसना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।

महिला अपराध..
महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा सुनिश्चित करना।

साइबर क्राइम..
तकनीक के दौर में बढ़ रहे डिजिटल फ्रॉड से निपटने के लिए विशेष रणनीति।

यातायात प्रबंधन..
शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करना।

UP बॉर्डर से सटे होने के कारण 'चुनौतियां अलग', मीडिया से चर्चा के दौरान एसपी गुरुकरण सिंह ने कहा कि- रीवा जिला मध्य प्रदेश के अंतिम छोर पर स्थित है और इसकी सीमा उत्तर प्रदेश से लगती है। अंतर्राज्यीय सीमा होने के कारण यहां की सुरक्षा और अपराध की चुनौतियां अन्य जिलों की तुलना में थोड़ी अलग हो जाती हैं। लेकिन टीम वर्क और बेहतर पुलिसिंग के जरिए रीवा को अपराध मुक्त बनाना ही हमारी पहली प्राथमिकता होगी।

पुलिस कप्तान के बदलते ही अब रीवा पुलिस की कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा की उम्मीद की जा रही है। विशेषकर नशे के सौदागरों और सीमावर्ती इलाकों में होने वाली अवैध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।