PM मोदी ने सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि: एकता नगर में 400 करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। एकता नगर में 400 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और रेन फॉरेस्ट का दौरा किया।

PM मोदी ने सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि: एकता नगर में 400 करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत

एकता नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) पहुंचकर सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार पटेल की प्रतिमा का जलाभिषेक किया और पुष्प अर्पित कर नमन किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ किया। इन योजनाओं के जरिए क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है।

400 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर में कई विकास कार्यों की शुरुआत की। इनमें सीवेज और जल शोधन संयंत्र, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, नर्मदा घाट का विकास और IRCTC होटल शामिल हैं। इसके अलावा रेन फॉरेस्ट, यूनिटी ट्रेल और इको ट्रेल से जुड़ी परियोजनाएं भी शामिल हैं।

इन परियोजनाओं से एकता नगर में पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाने और पर्यटन गतिविधियों को विस्तार देने की योजना है।

रेन फॉरेस्ट में वामन वृक्ष वाटिका का किया दौरा

विकास परियोजनाओं के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एकता नगर स्थित रेन फॉरेस्ट का दौरा किया। यहां उन्होंने वामन वृक्ष वाटिका देखी और वहां मौजूद विशेष वृक्षों के बारे में जानकारी ली।

इससे पहले पीएम मोदी ने अधिकारियों के साथ एकता नगर में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।

अहमदाबाद मेट्रो के दो फेज की रखेंगे आधारशिला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने गुजरात दौरे के दौरान अहमदाबाद मेट्रो के फेज 2A और फेज 2B की आधारशिला रखेंगे। फेज 2A की लंबाई 6 किलोमीटर से अधिक होगी, जिसमें कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक पांच स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं, फेज 2B करीब 3.3 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक तीन स्टेशन शामिल होंगे।

अहमदाबाद-मेहसाणा रोड आठ लेन में होगी अपग्रेड

PM मोदी लगभग 2,600 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा रोड (स्टेट हाईवे-41) को चार लेन से आठ लेन में अपग्रेड और मजबूत करने की परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना से अहमदाबाद और उत्तरी गुजरात के बीच सफर तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

4,030 नए चाइल्ड फ्रेंडली आंगनवाड़ी केंद्रों की रखेंगे नींव

प्रधानमंत्री गुजरात में 4,030 नए चाइल्ड फ्रेंडली आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही, बनकर तैयार हो चुके 361 आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन भी करेंगे। करीब 800 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस पहल से चार लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने का अनुमान है।

4,950 करोड़ की 521 परियोजनाएं राष्ट्र को करेंगे समर्पित

PM मोदी एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत पूरी की गई 521 परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं पर लगभग 4,950 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इनमें कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड चेन, गोदाम, साइलो, पॉलीहाउस और ग्रीनहाउस के साथ एकीकृत प्राथमिक एवं द्वितीयक प्रसंस्करण सुविधाएं और प्राथमिक प्रसंस्करण केंद्र शामिल हैं।