सिक्किम में PM मोदी ने बच्चों के साथ खेला फुटबॉल, कहा- एनर्जी से भर गया मन
गंगटोक में 50वें राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खास अंदाज़, बच्चों संग खेला फुटबॉल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) अपने दो दिवसीय सिक्किम दौरे के दौरान एक अलग ही अंदाज़ में नजर आए। मंगलवार सुबह उन्होंने गंगटोक (Gangtok) में बच्चों के साथ फुटबॉल खेला।

इस दौरान पीएम ट्रैक सूट में दिखे और बच्चों के साथ खेलते हुए उन्होंने खूब आनंद लिया। खेल के बाद उन्होंने बच्चों के साथ फोटो भी खिंचवाई और इस पल को सोशल मीडिया पर साझा किया।

पीएम ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि इन बच्चों के साथ फुटबॉल खेलकर वे ऊर्जा से भर गए। उन्होंने यह भी कहा कि खूबसूरत गंगटोक की सुबह युवा दोस्तों के साथ बिताना एक यादगार अनुभव रहा।

50वें राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए पीएम
पीएम मोदी इस दौरे पर सिक्किम के 50वें राज्य स्थापना दिवस के समापन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। Sikkim को 16 मई 1975 को भारत का राज्य बनाया गया था और इस खास मौके पर पिछले एक साल से समारोह आयोजित किए जा रहे थे, जिनका समापन अब हो रहा है।

कार्यक्रम के दौरान पीएम ने ₹4000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।
नॉर्थईस्ट को बताया ‘अष्टलक्ष्मी’
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने नॉर्थईस्ट क्षेत्र को भारत की ‘अष्टलक्ष्मी’ बताया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र देश के लिए सिर्फ एक हिस्सा नहीं, बल्कि विकास की बड़ी ताकत है। उन्होंने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के विजन को दोहराते हुए कहा कि सिक्किम ने देश को एकता का संदेश दिया है।

पीएम ने ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के साथ-साथ ‘एक्ट फास्ट’ के संकल्प पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नॉर्थईस्ट के विकास के लिए तेजी से काम कर रही है।
विकास और कनेक्टिविटी पर जोर
पीएम ने अपने भाषण में कहा कि पहले की सरकारों ने सिक्किम के विकास को पीछे रखा, लेकिन अब स्थिति बदल रही है। उन्होंने बताया कि पहली बार सिक्किम तक रेलवे कनेक्टिविटी पहुंचने जा रही है, जो राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।

उन्होंने सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता की भी तारीफ की और इसे “पूरब का स्वर्ग” और “ऑर्किड्स का गार्डन” बताया। पीएम ने कहा कि यहां का माहौल मन को खुशी से भर देता है और यहां के लोगों से मिलना हमेशा सुकून देता है।
पहले दिन हुआ रोड शो
इससे पहले सोमवार शाम को पीएम मोदी सिक्किम पहुंचे थे। आगमन के बाद उन्होंने लिबिंग हेलिपैड से गवर्नर हाउस (लोक भवन) तक रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग उनका स्वागत करने पहुंचे थे।

Varsha Shrivastava 
