National Unity Day : लौह पुरुष की 151वीं जयंती पर रन फॉर यूनिटी, अधिकारियों से लेकर छात्रों तक ने लगाई दौड़

National Unity Day : एक भारत, श्रेष्ठ भारत का संदेश - कलेक्टर और एसपी ने दिखाई हरी झंडी, दिलाई अखंडता की शपथ

National Unity Day : लौह पुरुष की 151वीं जयंती पर रन फॉर यूनिटी, अधिकारियों से लेकर छात्रों तक ने लगाई दौड़

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज

 जब पूरा देश लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मना रहा था, तब मऊगंज जिला मुख्यालय भी देशभक्ति और एकता के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आया। शनिवार सुबह कलेक्ट्रेट प्रांगण से लेकर शहीद केदारनाथ महाविद्यालय तक सिर्फ एक ही नारा गूंज रहा था - हम एक हैं, एक भारत श्रेष्ठ भारत।

कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे के निर्देश पर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह ठीक 8 बजे कलेक्ट्रेट प्रांगण में जिले के सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस जवान, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं तिरंगे के साथ कतारबद्ध खड़े थे। सर्वप्रथम कलेक्टर ने सभी को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई।

कलेक्टर के साथ सभी ने हाथ उठाकर दोहराया कि वे देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान देंगे और देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाएंगे। इस दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बन गया।

शपथ ग्रहण के तुरंत बाद कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रन फॉर यूनिटी का शुभारंभ हुआ। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे एवं पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। "सरदार पटेल अमर रहें" और "भारत माता की जय" के गगनभेदी नारों के साथ सैकड़ों हाथ हवा में लहराए और दौड़ कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू हुई। यह दौड़ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय में जाकर संपन्न हुई। पूरे रास्ते नागरिकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कलेक्टर- SP ने युवाओं के साथ मिलाए कदम, अफसरों में दिखा जोश

राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस दौड़ में अधिकारियों की औपचारिकता नहीं, बल्कि युवाओं जैसा जोश और जुनून दिखा। अधिकारियों ने खुद प्रोटोकॉल को पीछे छोड़कर युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दौड़ लगाई, जिससे छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई छात्राओं ने हाथों में एकता के स्लोगन लिखी तख्तियां ले रखी थीं। 

प्रशासन का मानना है कि यह सिर्फ एक दौड़ नहीं, बल्कि एकता का जीवंत संदेश था। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल, अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, एसडीओपी सचि पाठक, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्रा और क्रीड़ा विभाग अधिकारी सहित समस्त विभागों के अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र- छात्राएं एवं आर्मी फिजिकल एकेडमी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

वहीं जिले के सभी  कार्यालयों, तहसीलों, महाविद्यालयों और स्कूलों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस पूरी गरिमा के साथ मनाया गया। जगह एकता रैलियां निकली गई और शपथ दिलाई गई। साथ ही 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' और 'राष्ट्रीय एकता में युवाओं की भूमिका' विषय पर निबंध, भाषण, पोस्टर, स्लोगन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जगह-जगह आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को सरदार पटेल के जीवन और देश के एकीकरण में उनके अद्वितीय योगदान के बारे में बताया गया।