ओंकारेश्वर के जंगलों में अवैध शराब अड्डों पर पुलिस की दबिश: 6 हजार लीटर महुआ लहान नष्ट

खंडवा के ओंकारेश्वर में मांधाता पुलिस की कार्रवाई, जंगलों में 3 अवैध शराब अड्डों से 6 हजार लीटर महुआ लहान और सामग्री नष्ट की गई।

ओंकारेश्वर के जंगलों में अवैध शराब अड्डों पर पुलिस की दबिश: 6 हजार लीटर महुआ लहान नष्ट

खंडवा। ओंकारेश्वर के आसपास घने जंगलों में अवैध कच्ची शराब बनाने का कारोबार जारी है। इस पर कार्रवाई करते हुए मांधाता पुलिस ने ग्राम डुकिया, जिल्हार, धावड़िया और गुंजारी के बैकवॉटर किनारे जंगलों में दबिश दी। पुलिस ने अलग-अलग तीन बड़े अड्डों से करीब 6 हजार लीटर महुआ लहान और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद कर नष्ट की। नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।

पानी में छिपाकर रखे थे 40 से 45 ड्रम

पुलिस के अनुसार, अवैध शराब बनाने वाले लोगों ने महुआ लहान से भरे प्लास्टिक के ड्रम बैकवॉटर के गहरे पानी में छिपाकर रखे थे। कार्रवाई के दौरान गोताखोरों की मदद से करीब 40 से 45 ड्रम पानी से बाहर निकाले गए। इनमें लगभग 6 हजार लीटर महुआ लहान भरा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर पूरी सामग्री को नष्ट कर दिया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर और एसडीओपी दिव्या झारिया के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। मांधाता थाना प्रभारी निरीक्षक अनोख सिंह सिंदया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 30 अक्टूबर 2026 को अभियान चलाया।

बार-बार कार्रवाई के बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस पकड़ से दूर?

ओंकारेश्वर के घने जंगलों और बैकवॉटर किनारे अवैध शराब बनाने के अड्डों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद ऐसे ठिकानों का दोबारा सामने आना कई सवाल खड़े करता है। आखिर इन अड्डों को कौन संचालित कर रहा है? शराब बनाने के लिए कच्चा माल और अन्य सामग्री कहां से पहुंचाई जा रही है? बार-बार कार्रवाई के बावजूद इस कारोबार के पीछे शामिल मुख्य लोगों तक पुलिस कब पहुंचेगी? फिलहाल इस कार्रवाई में किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनोख सिंह सिंदया, प्रधान आरक्षक भगवान धनगर, आरक्षक अमित कुशवाह, जितेंद्र कारोले, नितेश पाठक, पवन महाजन, रवि सोलंकी और सुरेंद्र बरेडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने अवैध शराब बनाने वाले अड्डों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।