दिल्ली की जूता फैक्ट्री में भीषण आग: 4 की मौत और 2 गंभीर

दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में जूता फैक्ट्री के बेसमेंट में आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई। दो की हालत गंभीर, जांच जारी।

दिल्ली की जूता फैक्ट्री में भीषण आग: 4 की मौत और 2 गंभीर

दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में शुक्रवार रात एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद दमकल विभाग और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

जानकारी के मुताबिक, आग शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे फैक्ट्री में लगी थी। रेस्क्यू टीम ने 6 लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। सभी को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा बिल्डिंग की चौथी मंजिल से 5 अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।

फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी आग

दिल्ली अग्निशमन सेवा के सहायक मंडल अधिकारी (ADO) पारस कुमार के मुताबिक, फैक्ट्री में जूते-चप्पल बनाने और उनके भंडारण का काम होता था। आग बिल्डिंग के बेसमेंट में लगी थी। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

उन्होंने बताया कि फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और मौके पर कूलिंग की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है और इमारत के अंदर कोई व्यक्ति नहीं बचा है।

फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों से होगी पूछताछ

हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा ठेकेदार और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि फैक्ट्री में आग किस वजह से लगी और सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही हुई थी या नहीं।