भोपाल में NEET-UG 2026 के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 32 परीक्षा केंद्रों पर होंगे एग्जाम; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर भोपाल में 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. परीक्षा केंद्रों पर पुलिस, 38 साइबर कमांडो और CCTV के जरिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी.
भोपाल। NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर भोपाल प्रशासन और यातायात पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा रविवार, 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। राजधानी में परीक्षा के लिए 32 केंद्र बनाए गए हैं, जहां हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।
पिछले वर्षों में हुई गड़बड़ियों से सबक लेते हुए इस बार परीक्षा को लेकर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ 38 साइबर कमांडो भी निगरानी करेंगे। वहीं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की टीम सीसीटीवी कैमरों के जरिए सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखेगी।
आनंद नगर और गौतम नगर केंद्रों के लिए वैकल्पिक मार्ग
यातायात अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) बसंत कोल ने बताया कि प्रभात चौराहा से पिपलानी मार्ग पर मेट्रो निर्माण कार्य के चलते यातायात प्रभावित हो सकता है। आनंद नगर स्थित परीक्षा केंद्र जाने वाले अभ्यर्थियों को चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा, भेल, महात्मा गांधी चौराहा और पिपलानी पेट्रोल पंप मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
वहीं शासकीय गीतांजली कन्या पीजी कॉलेज, गौतम नगर परीक्षा केंद्र जाने वाले अभ्यर्थी नादरा बस स्टैंड, अग्रवाल धर्मशाला, छोला गणेश मंदिर, जेपी ब्रिज तिराहा और डीआईजी बंगला चौराहा मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष प्रतिबंध
यातायात पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक वाहन पार्किंग नहीं करने की अपील की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह
- परीक्षा केंद्र का स्थान एक दिन पहले ही सुनिश्चित कर लें।
- परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचें।
- संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए समय से घर से निकलें।
- वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
- यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर
यातायात संबंधी किसी भी समस्या या सहायता के लिए अभ्यर्थी इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं—
- मोबाइल: 7049104825, 7049104640
- व्हाट्सएप हेल्पलाइन: 7587602055
भोपाल यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि परीक्षा के दौरान सहयोग करें, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सभी अभ्यर्थी समय पर अपने केंद्रों तक पहुंच सकें।

