मऊगंज में सुलभ कॉम्प्लेक्स निर्माण की राह में अतिक्रमण, कलेक्टर ने दिए हटाने के निर्देश
Mauganj News: मऊगंज के वार्ड क्रमांक 3 में प्रस्तावित सुलभ कॉम्प्लेक्स निर्माण स्थल का कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने निरीक्षण किया। अतिक्रमण मिलने पर नोटिस जारी कर हटाने और सीमांकन के निर्देश दिए।
रिपोर्ट: राजेंद्र पयासी, मऊगंज
मऊगंज। शहर के वार्ड क्रमांक 3 में प्रस्तावित सुलभ कॉम्प्लेक्स के निर्माण में अतिक्रमण बाधा बन रहा है। इसे लेकर कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को जमीन का सीमांकन कर अतिक्रमण की स्थिति स्पष्ट करने और अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधितों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से प्रस्तावित निर्माण स्थल की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व और नगरीय निकाय के अधिकारियों को आपसी समन्वय से सीमांकन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने और निर्माण स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक उपयोग और नागरिक सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में अनावश्यक बाधा नहीं आनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य आगे बढ़ सके।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संतोष सिंह, तहसीलदार वीके पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



