घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन, टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं मोहम्मद शमी

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर टीम इंडिया में वापसी की दहलीज पर खड़े नजर आ रहे हैं. घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर शमी ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है.

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन, टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं मोहम्मद शमी
image source : Google

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर टीम इंडिया में वापसी की दहलीज पर खड़े नजर आ रहे हैं. घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर शमी ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू हो रही वनडे सीरीज में मौका मिल सकता है.

विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिखा शमी का दम

मोहम्मद शमी ने घरेलू क्रिकेट में जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए अपनी फिटनेस और फॉर्म दोनों का मजबूत संदेश दिया है. विजय हजारे ट्रॉफी में शमी ने अब तक 4 मैचों में 8 विकेट झटके हैं. इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 7 मैचों में 16 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था. शमी इन दोनों टूर्नामेंट में बंगाल की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं. 

करीब एक साल से टीम इंडिया से बाहर हैं शमी

मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. उन्होंने भारत के लिए आखिरी मुकाबला मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में खेला था. इसके बाद IPL 2025 में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा और उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भी नहीं चुना गया.

चयनकर्ताओं की नजर में शमी, फिटनेस बनी चिंता

NDTV की एक रिपोर्ट के अनुसार, BCCI के एक सूत्र ने बताया कि चयनकर्ता शमी के घरेलू प्रदर्शन पर करीबी नजर बनाए हुए हैं. सूत्र के मुताबिक, मोहम्मद शमी चयन की दौड़ से बाहर नहीं हैं. चिंता सिर्फ उनकी फिटनेस को लेकर है. अनुभव के साथ वह किसी भी समय विकेट निकाल सकते हैं. अगर उन्हें न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए चुना जाता है तो हैरानी नहीं होनी चाहिए. वह 2027 वर्ल्ड कप तक भी खेल सकते हैं.

अजीत आगरकर ने फिटनेस पर दिया था बयान

टीम इंडिया के चीफ सिलेक्टर अजीत आगरकर ने पहले शमी के चयन न होने की वजह फिटनेस को बताया था। उन्होंने कहा था, वह पांच टेस्ट खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं थे. डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्हें इंग्लैंड सीरीज से बाहर किया गया. इसके बाद शमी ने अपनी फिटनेस पर जमकर काम किया और घरेलू क्रिकेट के जरिए वापसी की मजबूत दावेदारी पेश की.

जल्द हो सकता है टीम का ऐलान

रिपोर्ट्स के मुताबिक, न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान 3 या 4 जनवरी को किया जा सकता है। फिलहाल शमी की वापसी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उनके हालिया प्रदर्शन ने उम्मीदें जरूर बढ़ा दी हैं.