कटनी के पूर्व एसपी अभिजीत रंजन को 10 करोड़ का मानहानि नोटिस, समाजसेवी सरिता गौतम ने लगाए गंभीर आरोप
कटनी के पूर्व एसपी अभिजीत कुमार रंजन को समाजसेवी सरिता गौतम ने 10 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा है. नोटिस में पद के दुरुपयोग और प्रताड़ना समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
भोपाल/कटनी। कटनी के पूर्व पुलिस अधीक्षक और वर्तमान में पुलिस प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (PTRI) भोपाल में पदस्थ अभिजीत कुमार रंजन को 10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस समाजसेवी श्रीमती सरिता गौतम की ओर से मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के अधिवक्ता धर्मेंद्र विश्वकर्मा के माध्यम से भेजा गया है।
नोटिस में पूर्व एसपी अभिजीत रंजन पर पद के दुरुपयोग, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और चरित्र हनन जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सरिता गौतम का दावा है कि उन्होंने कटनी में पदस्थापना के दौरान कथित आर्थिक भ्रष्टाचार और अन्य अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिसके बाद उन्हें और उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

नोटिस के अनुसार, पूर्व एसपी की ओर से कथित रूप से ऐसी गतिविधियां की गईं, जिनसे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। इसी आधार पर 10 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा किया गया है।
समाजसेवी सरिता गौतम का कहना है कि उन्होंने कानूनी प्रक्रिया के तहत यह कदम उठाया है और मामले से जुड़े दस्तावेज संबंधित मंचों पर प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं, इस पूरे मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में भी चर्चा तेज हो गई है।
हालांकि, इस संबंध में पूर्व एसपी अभिजीत कुमार रंजन की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनका पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
फिलहाल मामला कानूनी प्रक्रिया में है और नोटिस भेजे जाने के बाद आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।

