रीवा में कथित गोमांस के साथ पकड़ी गईं दो युवतियां, पीछा करने वाले व्यक्ति पर पथराव; पुलिस ने शुरू की जांच

रीवा के समान थाना क्षेत्र में कथित गोमांस के साथ दो युवतियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पीछा करने वाले युवक पर पथराव में सिर फूटने का आरोप, पुलिस जांच जारी।

रीवा में कथित गोमांस के साथ पकड़ी गईं दो युवतियां, पीछा करने वाले व्यक्ति पर पथराव; पुलिस ने शुरू की जांच

रीवा। जिले के समान थाना क्षेत्र के लोही नहर के पास रविवार को उस समय हंगामा मच गया, जब ग्रामीणों ने कथित गोमांस के साथ दो युवतियों को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवतियां गुढ़ थाना क्षेत्र के अमिरती गांव की रहने वाली हैं, जो कथित गोमांस लेकर जा रही थीं। लोगों को उन पर शक हुआ तो कुछ ग्रामीणों ने उनका पीछा किया। बताया जाता है कि पीछा किए जाने पर दोनों मुख्य सड़क छोड़कर लोही नहर की ओर भाग गईं।

आरोप है कि पीछा कर रहे आनंद सिंह बघेल ने जब दोनों को रोकने की कोशिश की, तो उन पर पत्थरों से हमला कर दिया गया। इस हमले में आनंद सिंह बघेल के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

आनंद सिंह बघेल के अनुसार दोनों लड़कियों को कई बार संग्दिग्ध हालत में देखा गया है। आनंद सिंह बघेल का दावा है कि पकड़े जाने के डर से दोनों युवतियों ने अपने पास रखा कथित गोमांस नहर में फेंक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने नहर से कथित सामग्री को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया और जांच के लिए सुरक्षित रख लिया। 

मामले की सुचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय दल बल के साथ मौके पर पहुंची. मनीषा उपाध्याय ने बताया है की दोनों लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और  आगे की कानूनी कार्रवाई समान थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।

वहीं आनंद सिंह ने दावा किया है कि दोनों युवतियां पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रही हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।