इंदौर में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों पर प्रशासन सख्त, 149 रुपये पेट्रोल वायरल वीडियो की भी निकली सच्चाई
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि शहर में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है।
इंदौर। शहर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत और कीमतों को लेकर फैली अफवाहों ने मंगलवार रात शहर में अफरा-तफरी जैसे हालात पैदा कर दिए। सोशल मीडिया पर तेजी से फैली खबरों के बाद कई पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और लंबी-लंबी कतारें लग गईं। हालांकि जिला प्रशासन और पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए साफ कर दिया कि शहर में ईंधन की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू
जिला प्रशासन के अनुसार इंदौर में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू है। सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाई गई अफवाहों के कारण लोग अनावश्यक रूप से घबराए और पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ गई।

स्थिति बिगड़ते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं। कई पेट्रोल पंपों पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझाइश दी गई कि शहर में किसी भी प्रकार की ईंधन की कमी नहीं है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में आकर ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष निर्देश भी जारी किए गए हैं, जिनके तहत भ्रामक जानकारी फैलाने, जमाखोरी करने और कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार सुबह भी प्रशासनिक अमला और पुलिस अधिकारी पेट्रोल पंपों पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। कलेक्टर के निर्देश पर जिला प्रशासन की टीम ने डिपो और विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंप संचालकों से बातचीत कर सप्लाई की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने पुष्टि की कि टैंकरों की नियमित आपूर्ति जारी है और कुछ जगहों पर जो अस्थायी कमी देखी गई थी, वह जल्द ही सामान्य कर दी गई।
149 रुपये प्रति लीटर बेचा जा रहा पेट्रोल
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि इंदौर के लोहा मंडी क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल 149 रुपये प्रति लीटर बेचा जा रहा है। इस वीडियो ने लोगों में और अधिक भ्रम पैदा कर दिया और कई जगहों पर स्थिति को लेकर गलतफहमी फैल गई।

जब इस वायरल वीडियो की पड़ताल की गई तो सच कुछ और ही सामने आया। संबंधित पेट्रोल पंप के मैनेजर ने स्पष्ट किया कि पंप पर सामान्य पेट्रोल और XP95 खत्म हो चुका था, जिसके चलते ग्राहकों की मांग पर केवल प्रीमियम क्वालिटी XP100 पेट्रोल बेचा जा रहा था। उन्होंने बताया कि XP100 एक हाई-परफॉर्मेंस फ्यूल है, जो आमतौर पर स्पोर्ट्स बाइक और लग्जरी वाहनों में इस्तेमाल होता है और इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल से अधिक होती है, इसी कारण वह 149 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था।
मैनेजर ने यह भी साफ किया कि हर ग्राहक को पहले ही इसकी जानकारी दी जा रही थी कि यह साधारण पेट्रोल नहीं है, बल्कि प्रीमियम फ्यूल है। यानी वायरल वीडियो में जो दावा किया गया, वह आधा सच था, जिसने लोगों के बीच अनावश्यक भ्रम और सनसनी फैला दी।

प्रशासन ने एक बार फिर नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि शहर में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। इंदौर पुलिस ने भी साफ संदेश दिया है कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली गलत सूचनाओं से बचना ही सबसे जरूरी है, ताकि किसी भी तरह की अनावश्यक स्थिति या दहशत से बचा जा सके।
Varsha Shrivastava 
