इंदौर: कार गैराज में लगी भीषण आग, कई कारें जलकर खाक

चोइथराम अस्पताल के पास आग लगने से मचा हड़कंप

इंदौर: कार गैराज में लगी भीषण आग, कई कारें जलकर खाक

इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित लेक व्यू पार्क कॉलोनी में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चोइथराम अस्पताल के पास एक कार गैरेज में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें करीब एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। घटना के दौरान गैरेज में खड़ी कई कारें आग की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते पूरा गैरेज जलकर खाक हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गैरेज में तीन से लेकर छह तक कारें मरम्मत के लिए खड़ी थीं, जो पूरी तरह जल गईं। आग लगने के बाद कारों में जोरदार धमाके भी हुए, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पास के अन्य गैरेज और दुकानों को तत्काल खाली करा लिया गया।

गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। गैरेज में रखा घरेलू गैस सिलेंडर समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा विस्फोट टल गया। बताया जा रहा है कि गैरेज में ज्वलनशील सामग्री जैसे पेंट और केमिकल भी मौजूद थे, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया।

सूचना मिलते ही भंवरकुआं थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। चूंकि गैरेज चोइथराम अस्पताल की दीवार से सटा हुआ था, इसलिए सबसे पहले आग को अस्पताल की ओर फैलने से रोकने पर ध्यान दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और अस्पताल में भर्ती मरीज सुरक्षित रहे।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। हाल ही में ईवी कार चार्जिंग के दौरान आग लगी थी, जिसमें इसमें आठ लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद रविवार को सांवेर रोड पर स्थित एक स्क्रैप गोदाम में भी आग लगी थी। इंदौर में आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।