05 March 2026: इंदौर में ड्रोन सर्विलांस से पकड़ाए मल्टी की छत पर जुआ खेलते 8 आरोपी, पढ़ें इंदौर क्राइम की 5 खबरें

पुलिस ने 245 वाहन चालकों के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने के चलते मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। दूसरी ओर पुलिस ने हथियार लेकर घूम रहे 5 लोगों को भी हिरासत में लिया है।

05 March 2026: इंदौर में ड्रोन सर्विलांस से पकड़ाए मल्टी की छत पर जुआ खेलते 8 आरोपी, पढ़ें इंदौर क्राइम की 5 खबरें

ड्रोन कैमरे में जुआ खेलने की तस्वीर कैद, 8 आरोपी गिरफ्तार

इंदौर में होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। द्वारकापुरी इलाके में ड्रोन सर्विलांस के दौरान चोरी-छिपे मल्टी की छत पर जुआ खेलते 8 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। पूरे इलाके में पुलिस ने चार अलग-अलग सेंटर बनाकर ड्रोन और अन्य निगरानी साधनों से कड़ी नजर रखी हुई थी। इसी दौरान ड्रोन कैमरे में एक स्थान पर संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। 

दरअसल, होली के मौके पर पुलिस संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी कर रही थी। इसी दौरान द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में दिग्विजय मल्टी की छत पर जुआ खेलते हुए कुछ लोग दिखाई दिए। जिसके आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे आठ लोगों को रंगे हाथों दबोच लिया। सभी आरोपी इस मल्टी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 6 हजार 200 रुपये नकद और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है।

245 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई

इंदौर में होली के त्योहार को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने शहर भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की। जिसमें 32 थाना क्षेत्रों में पुलिस की विशेष टीमों ने एरियल सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल पेट्रोलिंग के जरिए लगातार निगरानी रखी। सड़कों पर चेकिंग अभियान चलाकर ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

इंदौर पुलिस के चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने 245 वाहन चालकों के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने के चलते मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। पुलिस की सख्ती के चलते शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर देर रात तक चेकिंग अभियान जारी रहा। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने हथियार लेकर घूम रहे 5 लोगों को भी हिरासत में लिया है। इनमें से एक आरोपी थाना द्वारकापुरी क्षेत्र में झगड़े की सूचना मिलने पर तलवार लेकर मौके पर पहुंच गया था, जिसे पुलिस ने तुरंत पकड़ लिया। इन आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसके अलावा अवैध शराब के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक्साइज एक्ट के तहत 56 प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस ने शराब की अवैध सप्लाई करने और बोतलें इधर-उधर ले जाने वाले लोगों को भी पकड़ा है। कुल मिलाकर होली के मौके पर इंदौर पुलिस की सख्ती देखने को मिली, जहां हुड़दंग करने वालों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान शहर की शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मामूली विवाद में युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई

इंदौर में होली के जश्न के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भंवरकुआं थाना क्षेत्र में होली खेलने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान आदित्य पिता जयराम जमरे, निवासी शिव पार्वती नगर के रूप में हुई है, इस मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है, जबकि एक आरोपी फरार हो गया है।

होली के दिन आदित्य अपने दोस्तों के साथ रंग गुलाल से खेल रहा था, इसी दौरान उसका चार युवकों से मामूली विवाद हो गया। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया जिससे चाकू उसके सीने में जा लगा। हमले में आदित्य की छाती में गंभीर चोट आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग उसे तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। होली के दिन हुई इस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही भंवरकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर ली और हत्या में शामिल तीन नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है जबकि एक आरोपी घटना के बाद से ही फरार हो गया है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

18 अपराधों में शामिल आरोपी14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार

इंदौर पुलिस ने दो बार एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किए जा चुके 18 अपराधों में शामिल आरोपी को 14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फिर एक बार एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। हीरा नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के कनकेश्वरी मैदान में एक शख्स एमडी ड्रग्स सप्लाय करने के लिए पहुंचा है। जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर एक आरोपी को पकड़ा। आरोपी पर पूर्व में भी कनाडिया तिलकनगर सहित अन्य थानों में डेढ़ दर्जन मामले दर्ज है।

आरोपी का नाम विनय उर्फ भांजा बताया जा रहा है। जब पुलिस ने आरोपी पुराने रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला की उसके ऊपर 18 अपराध दर्ज हैं। जिसमें से 2 अपराध एनडीपीएस एक्ट के भी हैं। आरोपी पहले भी नशे की सप्लाय करते हुए पकड़ा जा चुका है। और इस बार उसके कब्जे से 14 ग्राम ब्राउन शुगर मिली है। इस जब्त अवैध नशे की खेप की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की तहत कार्रवाई की है। 

बीमारी से परेशान एक युवक ने बिल्डिंग की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली

इंदौर के चंदन नगर इलाके में रहने वाले बीमारी से परेशान एक युवक द्वारा बिल्डिंग की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पुलिस द्वारा देर रात पिटाई से आहत होकर आत्महत्या किए जाने का आरोप लगाया है। दिग्विजय मल्टी निवासी राजा मल्टी के नीचे टहल रहा था, इस दौरान हाउसिंग चौकीदार ने उसे टोका। मौके पर पुलिस कर्मी पहुंचे और एक पुलिस कर्मी ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया। जिसके बाद वह डर से ऊपर पहुंचा और पांचवी मंज़िल से छलांग लगा दी।

बताया जा रहा है कि राज मानसिक रूप से बीमार था। उसे सांस लेने में तक़लीफ होने की बीमारी थी और अधिक गर्मी होने के कारण वह बिल्डिंग में देर रात नीचे टहल रहा था। तभी सोसायटी के गार्ड ने सोसायटी में हंगामा होने की शिकायत पुलिस और 112 पर की थी। जिसके बाद  पुलिस की डायल 112 मौके पर पहुंची। इस बीच पुलिसकर्मियों ने उसे समझकर रवाना किया। लेकिन उसने मल्टी की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली।