भोपाल सेम कॉलेज में हंगामा : फिल्मी गाने और गैर-हिंदू युवक पर आपत्ति, बजरंग दल कार्यकर्ता ने युवक को जड़ा थप्पड़

Sam College Garba Controversy : VHP के मध्य भारत प्रांत मंत्री जितेंद्र चौहान ने कहा कि नवरात्रि के दौरान गरबा आयोजन धार्मिक आस्था से जुड़ा पर्व है। ऐसे आयोजनों में फिल्मी और अश्लील गाने नहीं बजने चाहिए।

भोपाल सेम कॉलेज में हंगामा : फिल्मी गाने और गैर-हिंदू युवक पर आपत्ति, बजरंग दल कार्यकर्ता ने युवक को जड़ा थप्पड़

Sam College Garba Controversy : मध्य प्रदेश। भोपाल के सेम कॉलेज में गरबा आयोजन के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। घटना से जुड़े वीडियो में बजरंग दल के कार्यकर्ता एक युवक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। वहीं संगठन ने आरोप लगाया है कि कॉलेज में फिल्मी गानों पर डांस हो रहा था और बाहरी युवकों को प्रवेश दिया गया था। इस दौरान विरोध करने पहुंचे कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज प्रबंधन और वहां मौजूद लोगों ने बदसलूकी व मारपीट की। मामले में बिलखिरिया थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

विश्व हिंदू परिषद मंत्री का बयान

विश्व हिंदू परिषद के मध्य भारत प्रांत मंत्री जितेंद्र चौहान ने कहा कि नवरात्रि के दौरान गरबा आयोजन धार्मिक आस्था से जुड़ा पर्व है। ऐसे आयोजनों में फिल्मी और अश्लील गाने नहीं बजने चाहिए। उन्होंने सेम कॉलेज के प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आयोजन में ऐसे लोगों को प्रवेश दिया गया जो कॉलेज के विद्यार्थी भी नहीं थे। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

दो अलग घटनाक्रम होने का दावा

जितेंद्र चौहान के मुताबिक घटना की जानकारी मिलने के बाद पहले बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय छात्रों से सूचना मिलने पर कार्यकर्ता वहां गए थे। चौहान ने स्पष्ट किया कि वीडियो में जिस युवक को थप्पड़ मारे जाते दिख रहे हैं वह बजरंग दल का कार्यकर्ता नहीं है।

शुरुआती घटनाक्रम के बाद संगठन के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे थे। उनके अनुसार वीडियो में दिख रही पिटाई और कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट के आरोप दो अलग-अलग घटनाक्रम हैं, जिनकी परिस्थितियों की जांच जरूरी है।

थाने में दर्ज कराई गई शिकायत

बिलखिरिया थाना प्रभारी को दिए गए शिकायत आवेदन में पुष्पराज यादव ने खुद को भोपाल जिला बजरंग दल का प्रमुख बताते हुए लिखा है कि 16 अक्टूबर को रात करीब 8:30 बजे उन्हें सेम कॉलेज में गरबा आयोजन के दौरान फिल्मी गानों पर डांस होने की जानकारी मिली थी। वे अपने साथियों के साथ कॉलेज पहुंचे।

शिकायत के मुताबिक वहां मुस्लिम समुदाय के दो से अधिक युवक मौजूद थे। फिल्मी गाने बंद करने और आपत्ति जताने पर युवकों ने कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। शिकायतकर्ता ने कॉलेज फैकल्टी नीरज गुप्ता पर बाउंसर बुलाकर बाहर निकलवाने की धमकी देने और युवकों का पक्ष लेने का आरोप भी लगाया है। आवेदन में समीर आलम समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

संगठन की चेतावनी और आगे की कार्रवाई

जितेंद्र चौहान ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में मनोरंजन के नाम पर होने वाले गरबा आयोजनों में धार्मिक आस्था और परंपराओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने आयोजकों से फिल्मी गानों के बजाय पारंपरिक गरबा और धार्मिक गीतों का इस्तेमाल करने तथा प्रवेश व्यवस्था पर ध्यान देने की अपील की।

साथ ही चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में बजरंग दल पुलिस-प्रशासन के माध्यम से कार्रवाई की मांग करेगा। जरूरत पड़ने पर संगठन विरोध भी करेगा। दूसरी ओर वीडियो में युवक को थप्पड़ मारते दिखाई देने की घटना भी जांच का विषय है। पुलिस जांच के बाद स्थिति साफ होगी।