राजस्थान में भीषण सड़क हादसा: 8 की मौत; सभी MP के बैतूल निवासी
राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक ट्रैंपो ट्रैवलर पुलिया से गिर गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। सभी लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे।
कोटा। राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोपाल से खाटूश्यामजी मंदिर जा रहा ट्रैवलर सिमलिया थाना क्षेत्र में पुलिया से करीब 15 फीट नीचे नाले में गिर गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल बताए गए हैं। सभी यात्री मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे कराड़िया टोल से कुछ किलोमीटर दूर हुआ। ट्रैवलर पुलिया से नीचे गिर गया, जिससे उसमें सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
खिड़कियां तोड़कर निकाले गए घायल
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बचाव कार्य में मदद की। बताया गया कि दुर्घटना के समय अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कुछ देरी हुई। कई शव सीटों के बीच फंसे हुए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। वहीं, घायलों को ट्रैवलर की खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
ड्राइवर को झपकी के कारण हादसे की आशंका
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि एक्सीडेंट ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ है। ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया है। आगे की तरफ बैठे पैसेंजर्स को सबसे ज्यादा चोट लगी है। वहीं, कई घायल सीटों के बीच फंस गए थे। ग्रामीणों ने कांच तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।
सभी मृतकों की पहचान, 17 घायल, 8 मौत
कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ नीलेश जैन ने बताया कि सभी मृतकों और घायलों की पहचान हो गई है। मृतकों के नाम अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी, राजू हैं। बस ड्राइवर की भी मौत हो गई है। इनमें से 7 की मौत मौके पर ही हो गई थी। एक घायल ने हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं, घायलों में वंदिता पुत्री रविंद्र झरबड़े, अजय गावंडे पुत्र मरोतराव गावंडे, वेदांत झरबड़े पुत्र योगेश झरबड़े, मोहनिस झरबड़े पुत्र रविंद्र झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े पुत्री कमलेश झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ पत्नी संतोष गायकवाड़, सारांश पुत्र कमलेश झरबड़े घायल हुए हैं।
गंभीर मरीज ICU में शिफ्ट
जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने बताया कि अब तक 8 मौतों की पुष्टि हुई है। बस में कई फैमिली थीं। आपसी रिश्तों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। सभी गंभीर मरीजों को ICU में शिफ्ट कर दिया गया है और उनका इलाज चल रहा है।
#WATCH कोटा, राजस्थान: DM पीयूष सामरिया ने बताया, "अब तक 8 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया है। सभी गंभीर मरीजों को ICU में शिफ्ट कर दिया गया है और उनका इलाज चल रहा है..." https://t.co/2uSu9veVma
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 17, 2026

