इंदौर में नर्मदा की मुख्य पाइपलाइन में लीकेज : 3 से 4 MLD पानी बर्बाद होने का अनुमान, 8 क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित
Indore Narmada Main Pipeline Leakage : नगर निगम के मुताबिक, इस पाइपलाइन लीकेज में तीन से चार एमएलडी पानी बर्बाद होने का अनुमान है। फिलहाल निगम की टीम सुधार कार्य में जुटी है।
Indore Narmada Pipeline Leakage : मध्य प्रदेश। इंदौर में एक तरफ जल संकट की स्थिति बनी हुई है, वहीं दूसरी तरफ नर्मदा का लाखों लीटर पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो गया। मामला बायपास स्थित भंडारी रिसोर्ट के पास का है, जहां सड़क निर्माण के दौरान एक ट्रक के वॉल से टकराने के कारण नर्मदा की मुख्य पाइपलाइन में लीकेज हो गया। पानी का दबाव इतना तेज था कि उसकी धार पास के ब्रिज के ऊपर तक पहुंच गई।
नगर निगम के एमआईसी सदस्य के मुताबिक, इस घटना में तीन से चार एमएलडी पानी बर्बाद होने का अनुमान है। फिलहाल निगम की टीम सुधार कार्य में जुटी है और प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाया जा रहा है।
ये है पूरा मामला
इंदौर के बायपास स्थित भंडारी रिसोर्ट के पास सड़क निर्माण कार्य के दौरान नर्मदा की मुख्य पाइपलाइन में लीकेज होने से हजारों लीटर पानी सड़क पर बहने लगा। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान एक ट्रक के वॉल से टकराने के कारण पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई। पानी का प्रेशर इतना तेज था कि सड़क पर फव्वारे की तरह पानी बहने लगा और उसकी धार पास के ब्रिज के ऊपर तक पहुंच गई।
इस घटना में तीन से चार एमएलडी पानी बर्बाद होने का अनुमान जताया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम के अधिकारी और टीम मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर सुधार कार्य शुरू किया गया। एमआईसी सदस्य ने बताया कि पाइपलाइन में लीकेज के कारण बायपास से जुड़े करीब आठ क्षेत्रों में जलापूर्ति कम दबाव और कम क्षमता के साथ हो रही है।
प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के मुताबिक टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा है। पाइपलाइन की मरम्मत पूरी होने के बाद जलापूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। जल संकट के बीच इस तरह पानी की बर्बादी ने एक बार फिर पाइपलाइन की सुरक्षा और पानी के संरक्षण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

