Bairagarh Murder Case : भोपाल में 12 साल की बच्ची की हत्या के विरोध में बैरागढ़ थाने का घेराव, आरोपी को फांसी देने की मांग
Bairagarh Murder Case : भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची की हत्या के विरोध में लोगों ने थाने का घेराव किया. आरोपी को फांसी देने की मांग, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात.
Bairagarh Murder Case : मध्य प्रदेश। भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची की हत्या के मामले में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. शनिवार को बड़ी संख्या में लोग बैरागढ़ थाने के बाहर जमा हुए और प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी आरोपी मोबिन को उनके हवाले करने और उसे फांसी देने की मांग कर रहे हैं. इस दौरान लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस ने थाने के गेट बंद कर दिए और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया.

खंडहर में मिला था बच्ची का शव
जानकारी के मुताबिक, बैरागढ़ इलाके में रहने वाली 12 साल की बच्ची गुरुवार रात घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों ने उसकी तलाश की. शुक्रवार को बच्ची का शव कृष्णा कॉम्पलेक्स के पीछ स्थित एक खंडहर में मिला घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे.

CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने CCTV फुटेज और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर 23 साल के संदिग्ध को हिरासत में लिया. शुरुआती पूछताछ में उसके अपराध स्वीकार करने की बात सामने आने की जानकारी दी गई है. मामले में पुलिस की जांच जारी है.

थाने में घुसने की कोशिश, भारी पुलिस बल तैनात
बच्ची की हत्या के विरोध में शनिवार को बड़ी संख्या में लोग बैरागढ़ थाने के बाहर एकत्र हुए. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को उनके हवाले करने और तत्काल फांसी देने की मांग की. कुछ प्रदर्शनकारियों ने थाने में घुसने की कोशिश भी की.
भीड़ बढ़ने और स्थिति को देखते हुए पुलिस ने थाने के गेट बंद कर दिए. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शन के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है.

