रीवा के भटलो में 2.91 करोड़ की लागत से बने सन्नई नाला पुल का लोकार्पण, 410 मीटर सीसी रोड भी तैयार
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा के भटलो में सन्नई नाला पुल का लोकार्पण किया। 2.91 करोड़ रुपये की लागत से बने 45 मीटर पुल के साथ 410 मीटर सीसी रोड भी तैयार की गई है।
Rewa News। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने भटलो गांव में सोनरा टोला से गंगापुर मार्ग पर बने सन्नई नाला पुल का लोकार्पण किया। सेतु विकास निगम ने इस पुल का निर्माण 2 करोड़ 91 लाख 78 हजार रुपये की लागत से किया है। पुल की लंबाई 45 मीटर है। इसके साथ ही 410 मीटर लंबी सीसी रोड भी बनाई गई है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पुल बनने से भटलो की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है और क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

भटलो को दो और पुलों की सौगात
लोकार्पण समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि भटलो के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र को सिलपरा से गंगापुर-भटलो रोड और भटलो से रतहरा रोड से भी लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को भटलो गांव के बड़ा टोला में सड़क निर्माण के लिए 60 मीटर जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल और अस्पताल से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने के मामले में एसडीएम से सत्यापन कराने और शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रत्येक पात्र परिवार को मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा।
सांसद जनार्दन मिश्रा ने विकास कार्यों का किया जिक्र
कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि रीवा में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं और भटलो गांव को भी इनका लाभ मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास का उल्लेख किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल ने कहा कि उप मुख्यमंत्री के प्रयासों से भटलो गांव के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में विकास कार्य हुए हैं। समारोह में जनपद सदस्य विकास चतुर्वेदी, सरपंच कौशल प्रसाद लोनिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। कार्यपालन यंत्री एसपी तिवारी ने निर्माण कार्य का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

