Indore Cyber Fraud : इंदौर में अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड का खुलासा, 5 करोड़ से ज्यादा के संदिग्ध लेन-देन वाला म्यूल खाता पकड़ा
Indore Cyber Fraud : पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक और ATM कार्ड बरामद किए हैं।
Indore Cyber Fraud : मध्य प्रदेश। इंदौर क्राइम ब्रांच ने संगठित अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जांच में सामने आया है कि आरोपी यूको बैंक के म्यूल खाते और फर्जी सिम के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। जिस बैंक खाते की जांच की गई, उसमें पांच करोड़ रुपये से ज्यादा का संदिग्ध लेन-देन सामने आया है।

दरअसल, इंदौर क्राइम ब्रांच (Indore Crime Branch) के मुताबिक, यह कार्रवाई ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत की गई। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय और साइबर क्राइम पोर्टल से मिले डेटा के आधार पर यूको बैंक की महू शाखा के एक संदिग्ध म्यूल खाते की जांच की गई।

जांच में खाते से जुड़े देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की दर्जनों शिकायतें सामने आईं। जिसमें क्राइम ब्रांच पुलिस ने मामले में महू निवासी दीपक राव और लसूडिया क्षेत्र निवासी गौरव राठौर को आरोपी बनाया है।


पुलिस के अनुसार दीपक ने अपना बैंक खाता और बैंक ओटीपी वाली सिम गौरव को उपलब्ध कराई थी। दोनों पर संगठित तरीके से साइबर फ्रॉड में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने चार मोबाइल, आठ एक्टिव सिम, दस बैंक पासबुक और 11 एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। मामले में अन्य संदिग्धों और साइबर सिंडिकेट के नेटवर्क की जांच जारी है।


